सीबीआई टीम श्रीमठ बाघम्बरी गद्दी पहुंच शुरू की तफ्तीश

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। शनिवार शाम करीब चार बजे सीबीआइ की टीम अल्लापुर के श्रीमठ बाघम्बरी गद्दी पहुंच गई। तीन गाड़ियों से पुलिस फोर्स के साथ सीबीआइ के आइजी विप्लव चौधरी, एएसपी केएस नेगी और उनकी टीम मठ पहुंचकर छानबीन शुरू की।
महंत की समाधि स्थल का सीबीआइ ने किया मुआयना
सीबीआइ की एक टीम पहले महंत की समाधि स्थल पहुंचकर मुआयना किया तो दूसरी टीम मठ के अलग-अलग कमरे में गई। छतों पर पहुंची टीम ने मठ की भौगोलिक स्थिति का जायजा लेते हुए नजरी नक्शा बनाया। कई संतों से एक कमरे में घटना की जानकारी लेते हुए सीबीआइ टीम ने कई सवाल किए। उनके लंबी पूछताछ चलती रही। सीबीआइ की दूसरी टीम सेवादार बबलू, सुमित और धनंजय से पूछताछ करती रही। सीबीआइ बबलू को अपने साथ लेकर महंत के उस कमरे के बाहर ले गई, जहां उन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या की थी। मठ की पहली मंजिल पर बने कमरों, छतों और पार्किंग स्थल, गोशाला समेत दूसरे स्थान का भी सीबीआइ टीम ने जायजा लिया। अभी भी सीबीआइ की टीम वहां मौजूद है और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।
*नैनी जेल में आनंद गिरि, आद्या व संदीप से हुई पूछताछ*
इस दौरान सीबीआइ की एक टीम के नैनी जेल पहुंचकर वहां कैद आनंद गिरि, आद्या तिवारी और उसके बेटे संदीप से भी पूछताछ करने का हल्ला मचा रहा। हालांकि जेल अधिकारियों ने सीबीआइ टीम के आने से इन्कार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि क्राइम सीन को समझने के बाद सीबीआइ की टीम रविवार को क्राइम सीन रीक्रिएट कर सकती है।
*एसआइटी से सीबीआई ने केस लिया*
इससे पहले पुलिस लाइन में सीबीआइ ने एसआइटी से केस को ओवरटेक किया और फिर पुलिस लाइन के सभागार में अधिकारियों के साथ करीब साढ़े तीन घंटे तक बैठक की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों से लेकर एसआइटी के अध्यक्ष व दूसरे सदस्यों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली और कार्रवाई के संबंध में पूछताछ हुई। सीबीआइ की छानबीन से मठ और मंदिर से जुड़े तमाम लोगों की जान सांसत में पड़ी रही।


