लेखपाल भर्ती की परीक्षा तिथि व पीईटी कट ऑफ घोषित न करने से युवाओं में रोष

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) आज लेखपाल भर्ती की परीक्षा तिथि व पीईटी कट ऑफ घोषित न करने से युवाओं में रोष है, अब इस मुद्दे को लेकर युवा डिजिटल कैंपेन चलाने के लिए योजना तैयार कर रहे हैं। युवा मंच ने इस मांग का समर्थन किया है। युवा मंच अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि जिस तरह मुख्यमंत्री द्वारा भर्तियों में तेजी लाने के लिए पीईटी को औचित्यपूर्ण बताया था, वह पूरी तरह से बेबुनियाद साबित हुआ है। पीईटी की वजह से न सिर्फ अधर में लंबित भर्तियां लटकी रहीं बल्कि एक भी नयी भर्ती पूरी नहीं हो सकी। जबकि मुख्यमंत्री द्वारा समूह ग के 50-60 हजार पदों पर चुनाव के पहले नियुक्ति पत्र देने की घोषणा की गई है और इसी आधार पर पीईटी को जरूरत बताया गया था। लेकिन आयोग का वक्त जाया करने के सिवाय कुछ भी हासिल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि लेखपाल भर्ती में बिना कट ऑफ जारी किए आवेदन लेना समझ से परे है और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि छात्रों को परीक्षा के ऐन वक्त पर पता चलेगा कि मुख्य परीक्षा हेतु वह पात्र है अथवा नहीं। इस तरह की चयन प्रक्रिया पूरी तरह से औचित्यहीन है। युवा मंच ने मांग की कि तत्काल लेखपाल मुख्य परीक्षा के लिए अर्हता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए कट ऑफ जारी कर परीक्षा तिथि घोषित की जाये। उन्होंने बताया कि रोजगार के मुद्दे को चुनावीं मुद्दा बनाने के शुरू किये गए डिजिटल कैंपेन में इस मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया जायेगा।




