डाक विभाग कराएगा फ्रीजर का इंतजाम, प्रधान डाकघर होगा कोरोना वैक्सीन का स्टोर रूम

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोविड वैक्सीन सेंटरों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी तो डाक विभाग उठाएगा ही। मंडल के दो डाकघरों में कोरोना वैक्सीन सुरक्षित रखने के लिए स्टोर रूम भी बनाया जाएगा।
प्रधान डाकघर होगा कोरोना वैक्सीन का स्टोर रूम
प्रयागराज के प्रधान डाकघर और कौशाम्बी के मंझनपुर प्रधान डाकघर में कोविड वैक्सीन रखने के लिए स्टोर रूम बनाया जाएगा। स्टोर रूम में फ्रीजर का इंतजाम भी डाक विभाग कराएगा।
प्रवर डाक अधीक्षक संजय डी अखाड़े ने बताया कि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के कारण जब देशभर में लॉकडाउन लगाया गया था, तो डाक विभाग पूरी सक्रियता के साथ लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के लिए प्रयासरत रहा। दवाओं से लेकर पीपीई किट, अन्य उपकरण डाक विभाग ने लोगों के घरों तक पहुंचाया। ऐसे में वैक्सीन पहुंचाने की जिम्मेदारी मिलने पर स्टोर रूम बनाना अनिवार्य होगा। परिमंडल से आदेश आने के बाद प्रधान डाकघर की पुरानी बिल्डिंग में कोविड-19 वैक्सीन का स्टोर रूम बनाया जाएगा।



