शंकराचार्य अधोक्षजानंद के शिविर में शहीदों को दी गयी श्रद्धांजलि, आयोजित हुआ शांति यज्ञ
कुम्भ नगर (प्रयागराज), पुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देव तीर्थ जी महाराज के कुम्भ मेला स्थित शिविर में शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के पुलवामा में शहीद हुए जवानों को भावभीनी श्रद्धाजलि दी गयी। इस अवसर पर शांति पाठ एवं शांति यज्ञ का भी आयोजन हुआ।
इस अवसर पर शंकराचार्य अधोक्षजानंद ने कहा कि सरकार आतंकवादियों के साथ कठोर कार्रवाई करे।
उन्होंने कहा कि सीमा पर पाक समर्थित आतंकवादी संगठनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। स्वामी अधोक्षजानंद ने पाक सीमा के अलावा चीन, बंगला देश और बर्मा की सीमाओं पर भी चौकसी बरतने की सलाह दी है।
शंकराचार्य ने आतंकी मामलों में राजनीतिक दलों से सियासत न करने की भी सलाह दी है।
जगदगुरु ने कहा कि कश्मीर के अंदर आंतरिक मामलों को सुलझाने के लिए सरकार को शांति वार्ताकार नियुक्त करने चाहिए। इसके साथ ही कश्मीर में जहाँ से विदेशी ताकतें घुसपैठ करवा रही हैं, आतंकी गतिविधियां की का रही हैं, वहां पर सेना को सीधी शक्ति देना चहिये ताकि सेना अपने विवेक से फैसला कर सके।
वक्ताओं ने शहीदों के परिजनों को पांच-पांच करोड़ रूपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की। साथ ही शहीद परिवार के बच्चों की पढ़ाई लिखाई का खर्चा भी सरकार को उठाने के लिए कहा गया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जगद्गुरू रामानुजाचार्य स्वामी दामोदराचार्य, संत संघ के अध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी जी महाराज, निर्मोही अणि अखाड़े के मुखिया राजेंद्र दास जी महाराज समेत कई वरिष्ठ संत व दंडी संन्यासी उपस्थित रहे।



