आरओबी व चौफटका से कानपुर टूलेन फ्लाई ओवर का शिलान्यास व भूमिपूजन

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। आज प्रयागराज ही नहीं बल्कि समूचे प्रदेश का विकास प्राथमिकता में है। गुंडा-गर्दी को खत्म करना हमारा संकल्प है। हम अपनी प्राथमिकता और संकल्प दोनों को हर हाल में पूरा करेंगे। डिप्टी सीएम शनिवार को कालिंदीपुरम में जीटी रोड से एयरपोर्ट के बीच रेलवे ट्रैक पर आरओबी व चौफटका से कानपुर टूलेन फ्लाई ओवर का शिलान्यास व भूमिपूजन कर रहे थे। 284.21 करोड़ की लागत से होने वाले निर्माण को डिप्टी सीएम ने विकास से जोड़ा। निर्माण से आवागमन में आसानी व कानपुर, चित्रकूट समेत बुंलेदखंड जाने वालों को सहूलियत होगी। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की तमाम योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। 2022 में दोबारा सरकार बनाने का दावा करने वाले केशव ने कहा कि 60 प्रतिशत वोट भाजपा का होगा। बाकी में सपा, बसपा, कांग्रेस व अन्य दल बंदरबांट करेंगे। उन्होंने विरोधी दलों पर जनता को बरगलाने का भी आरोप लगाया। कहा कि केवल वोट बैंक समझने वाले लोग चुनाव नजदीक आते दोबारा सक्रिय हो गए हैं। जनता इस बार उन्हें फिर से चारों खाने चित्त कर देगी। कार्यक्रम को कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, सांसद रीता बहुगुणा जोशी व केशरी देवी पटेल, महापौर अभिलाषा गुप्ता आदि ने भी संबोधित किया।



