इविवि: नवंबर में शुरू होगी दाखिले के लिए काउंसिलिंग

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में नए शैक्षिक सत्र 2021-22 में दाखिले के लिए नवंबर के दूसरे सप्ताह से खिड़की खुल सकती है। इविवि प्रशासन की ओर से नवंबर के पहले सप्ताह में यूजी पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी करने की तैयारी है। हालांकि अभी तय नहीं हो सका है कि प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन मोड में होगी। बीते सत्र में कोरोना के चलते प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन हुई थी। प्रवेश संबंधी अहम निर्णयों के लिए मंगलवार को प्रवेश प्रकोष्ठ की बैठक होगी।
गत 18 अक्तूबर से प्रवेश परीक्षा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन मोड में आयोजित की जा रही है। वहीं, 29 अक्तूबर को पीजीएटी-1 के तहत विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा होगी। इसके बाद 30 अक्तूबर को एलएलबी के लिए प्रवेश परीक्षा होगी। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो.आईआर सिद्दीकी ने बताया कि सब कुछ ठीक रहा तो रिजल्ट के एक सप्ताह के बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।



