Latest

साढ़े पांच लाख के ईनामी डकैत गौरी को एसटीएफ ने किया ढेर

(अनुराग शुक्ला ) चित्रकूट (अनुराग दर्शन समाचार)। उप्र-मप्र में आतंक का पर्याय बने साढ़े पांच लाख के कुख्यात ईनामी डकैत गौरी यादव को शनिवार को एडीजी अमिताभ यश की अगुवाई में यूपी एसटीएफ टीम ने बहिलपुरवा थाने के मारोबंधा जंगल में मार गिराया। उस पर 45 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे। मुठभेड स्थल से एसटीएफ ने एके-47 राइफल के साथ भारी तादाद में कारतूस बरामद किये हैं। शनिवार को ददुआ, ठोकिया, रागिया, बलखडिया व बबली कोल के मारे जाने के बाद बीहड के इकलौते बचे दस्यु गौरी यादव की शुक्रवार की रात सटीक मुखबिरी मिलने पर एडीजी अमिताभ यश की अगुवाई में एसटीएफ टीम ने मारोबंधा जंगल में दस्यु गौरी की घेराबन्दी कर ली। शनिवार तडके तीन-चार बजे मुठभेड में साढ़े पांच लाख का ईनामी डकैत गौरी यादव मारा गया। मुठभेड में दोनों ओर से सैकड़ों राउंड गोलियां चलने से पाठा के बीहडों में हडकम्प मच गया। मुठभेड स्थल से यूपी एसटीएफ ने एके-47 राइफल, एक सेमीआटोमैटिक राइफल व 12 बोर बन्दूक समेत सैकडों कारतूस बरामद किये हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों को पकडने को पुलिस अफसरों के साथ कई थानों की पुलिस व एसटीएफ की टीमें जंगलों में काम्बिंग कर रही हैं।

Related Articles

Back to top button