तीन साल में रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रहा प्रयागराज एयरपोर्ट: नन्दी

प्रयागराज एयरपोर्ट से इंदौर के लिए शुरू हुई हवाई उड़ान
मंत्री नन्दी ने इंदौर से आने वाले यात्रियों का किया स्वागत
सुविधाओं का लाभ पाकर भावुक हुए यात्री
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। पिछले तीन सालों से रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रहा प्रयागराज एयरपोर्ट रविवार को मिनी मुंबई के नाम से प्रसिद्ध इंदौर शहर से एयर कनेक्ट हो गया। प्रयागराज एयरपोर्ट से 12वें शहर के लिए शुरू हुई हवाई उड़ान का उत्तर प्रदेश के नागरिक उड्डयन, अल्पसंख्यक कल्याण, राजनैतिक पेंशन, मुस्लिम वक्फ एवं हज मंत्री व प्रयागराज शहर दक्षिणी विधायक नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी एवं सांसद श्रीमती केशरी देवी पटेल ने शुभारंभ किया। मंत्री नन्दी और सांसद ने रविवार की शाम इंदौर से प्रयागराज आने वाले यात्रियों का स्वागत किया। उन्हें हवाई यात्रा की बधाई दी।
मंत्री नन्दी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार बनी है, हवाई सेवाओं के लिए रिकॉर्ड तोड़ काम हुए हैं। प्रयागराज एयरपोर्ट से पहले जहां केवल एक शहर के लिए हवाई उड़ान उपलब्ध थी, वहीं अब प्रयागराज देश के 12 महानगरों से सीधे एयर कनेक्ट हो गया है।
इस अवसर पर मंत्री नन्दी और सांसद केशरी देवी पटेल ने केक काटकर वहां उपस्थित एक शिशु को अपने हाथों से खिलाया। इस अवसर पर विमानपत्तन निदेशक ए प्रकाश ने मंत्री सांसद तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया। यात्रियों को सर्वोत्तम सुविधाएं देने का प्रयास करने का आश्वासन दिया। आज इंदौर जाने वाले यात्रियों की संख्या 16 +1 तथा इंदौर से प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की संख्या 53+1थी।




