मिलावट की जांच के लिए 115 नमूने भेजे गए प्रयोगशाला

दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने चलाया विशेष अभियान
(अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। दीपावली पर्व पर लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ मिल सके, इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलेभर से मिठाई, खोवा, सरसों का तेल और नमकीन आदि का विक्रय करने वाली दुकानों व बड़े प्रतिष्ठानों तथा खोवा मंडियों से 115 नमूने लिये। कोई मिलावट है या नहीं इसके लिये अधिकांश नमूने (सैम्पल) प्रयोगशाला को भेज दिए गये हैं। बचे नमूनों को भी जल्द ही भेज दिया जायेगा।
शासन और जिलाधिकारी के निर्देश पर मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा 26 अक्टूबर से दो नवंबर तक एक विशेष अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने दीपावली पर्व पर सर्वाधिक बिकने वाले खाद्य पदार्थों की जांच के लिए दुकानों और प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। इसमें मिठाई की दुकानें, खोवा मंडियां, सरसों का तेल और नमकीन आदि बनाने और बेचने वाले प्रतिष्ठान शामिल रहे। जांच अभियान के संबंध में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अभियान में विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 115 नमूने लिए गये। लिखा-पढ़ी के पश्चात नमूनों को मिलावट की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकांश भेज दिये गए हैं। कुछ नमूने बचे हैं उन्हें भी जल्द ही भेज दिया जाएगा। जांच में जिन नमूनों में मिलावट पाई जाएगी उन दुकान मालिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी।




