Latest

जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों को नोटिस

 

बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष ने मांगा स्पष्टïीकरण

कहा, चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने की नीयत से कर रहे काम

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष जानकी शरण पांडे ने जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष हरि सागर मिश्र, मंत्री राकेश कुमार दुबे, संयुक्त मंत्री देवेंद्र मिश्र तथा कोषाध्यक्ष इंद्रेश मिश्र को जारी नोटिस की एक प्रति बार काउंसिल के को-चेयरमैन देवेंद्र मिश्र को भी प्रेषित की गई है। जिला जज एवं जिलाधिकारी प्रयागराज के माध्यम से इन सभी को प्रेषित नोटिस में कहा गया है कि आप सभी के द्वारा चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने की नीयत से कार्य किया जा रहा है। एल्डर कमेटी द्वारा किए जा रहे चुनाव संबंधी प्रक्रिया में तरह-तरह से बाधा डाली जा रही है। एक सप्ताह के अंदर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें, क्यों न आप के विरुद्ध अधिवक्ता अधिनियम 1961 की धारा 35 के अंतर्गत मामले को संदर्भित कर दिया जाए।
नोटिस में यह भी कहा गया है कि जिला अधिवक्ता संघ इलाहाबाद का कार्यकाल समाप्त होने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिए जाने पर उनके द्वारा 10 अक्टूबर को पत्र के जरिए चुनाव प्रक्रिया आरंभ करने का निर्देश दिया गया था। किंतु एक नवंबर को एल्डर कमेटी के चेयरमैन व सदस्यों ने लिखित प्रार्थना पत्र दिया कि आप लोगों द्वारा चुनाव प्रक्रिया में लगातार बाधा डाली जा रही है। अपेक्षा के अनुरूप चुनाव की प्रक्रिया में सहयोग नहीं किया जा रहा है। साथ ही यह भी बताया गया कि एल्डर कमेटी के सदस्यों के विरुद्ध 18,190 रुपए दिनांक 29 अक्टूबर 2020 को अधिवक्ता संघ की रकम ले जाने के संबंध में पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है। इससे प्रतीत होता है कि आप अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सदाचार व आपराधिक कृत्य कर रहे हैं। इस संबंध में एल्डर कमेटी के सदस्य द्वारा आप लोगों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही करने का निवेदन किया गया है।

Related Articles

Back to top button