19 नवंबर को इंदिरा गांधी के जयंती पर होने वाली दौड़ इस बार बदले रूट पर होगी

मैराथन को लेकर तैयारी जोरो पर
फार्म जमा करने के लिए 6 दिन शेष
(अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। 36वीं प्राइजमनी इंदिरा मैराथन में अब कुछ दिन शेष हैं। 19 नवंबर को 42.195 किलोमीटर की मैराथन होनी है। इस मैराथन में देशभर के एथलीट भाग लेते हैं। वहीं मैराथन को लेकर तैयारी जोरो पर है। इसी के तहत आज रूट पर मार्किंग शुरू की गई है। ताकि यह स्पष्ट हो सके कि धावक को किस-किस रूट से गुजरना है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिल तिवारी ने बताया कि 19 नवंबर को इंदिरा गांधी के जयंती पर होने वाली दौड़ इस बार बदले रूट पर होगी। अब यह दौड़ आनंद भवन से शुरू होकर नैनी ब्रिज होते हुए रीवा रोड पर जाएगी। आगे करीब दो किमी दूर रिलयंस पेट्रोल पंप से उसी रूट पर लौटकर दौड़ मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में समाप्त हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि पहले नए नैनी ब्रिज से दायीं तरफ महेवा, शुआट्स होकर धावक यमुना बैंक रोड आते थे। धावक सदाफल देव आश्रम के पास से लौटते थे। मैराथन में भाग लेने के लिए स्टेडियम में फार्म वितरण के लिए एक विशेष काउंटर बनाया गया है जहां 10 से पांच के बीच फार्म का वितरण किया जायेगा। बिना रजिस्ट्रेशन के किसी भी खिलाड़ी को मैराथन में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलेगी। एथलीट मैराथन में शामिल होने के लिए नि:शुल्क रजिस्ट्रेशन फार्म प्राप्त कर निर्धारित समय के अंदर उसे पूरी तरह से भरकर जमा कर दें। इसके अलावा indiramarathon.co.in पर आनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर तक स्थानीय व 18 तक बाहरी एथलीटों को फार्म जमा करना है। उल्लेखनीय है कि इस राष्टीय स्तर की प्रतियोगिता में देश भर के धावक भागीदारी करने आते हैं। इसमें पहला पुरस्कार दो लाख रुपये का है।जबकि दूसरे स्थान के विजेता को एक लाख और तीसरे विजेता को 75 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।




