आँगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने खोला मोर्चा, सड़क पर उतरी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। माँगों के समर्थन में पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत आँगनबाड़ी कर्मचारी व सहायिका एसोसिएशन के तत्वाधान में आँगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने दूसरे दिन शुक्रवार को भी कार्य बहिष्कार किया। कार्यकत्रियों ने लोक निर्माण विभाग से वादा निभाओ पदयात्रा रैली निकाली, कमिश्नर ऑफिस पहुंचकर एसोसिएशन के मंडल संरक्षक संतोष मिश्रा व प्रदेश प्रभारी श्याम सूरत पाण्डेय के नेतृत्व में 9 सूत्रीय माँगों को सौंपा। कमिश्नर ने उनकी माँगों को सत्ता तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। पदाधिकारियों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि आँगनबाड़ी की माँग पूरी होने तक यह अनिश्चितकालीन आन्दोलन चलता रहेगा। संघ के पदाधिकारी संतोष मिश्रा ने सभी आँगनबाड़ी से अपील किया कि यह आन्दोलन आँगनवाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं के अस्तित्व का है, इसलिए सभी आँगनबाड़ी अपने सहायिकाओं और मिनी आँगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ प्रयागराज सुबह 9 बजे धरना स्थल पर पहुंचे। इस मौके पर मौजीलाल रावत, सुशीला देवी, शशी देवी, बबिता देवी, आशा देवी, कमलेश कुमारी, शोभा देवी, शशि कला मौर्य, सरोज श्रीवास्तव सहित हजारों आँगनबाड़ी उपस्थित रही।



