मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 दिसंबर को प्रयागराज आएंगे

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। मुख्यमंत्री लूकरगंज में माफिया की ओर से खाली कराए गए प्लॉट का भूमि पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने सभी विभागों के अफसरों के साथ बैठक की और जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस दौरान सीएम प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित कर सकते हैं। साथ ही कुछ लाभार्थियों को चाबी भी दे सकते हैं। हालांकि विस्तृत कार्यक्रम पर फिलहाल अफसर कुछ बोल नहीं रहे हैं। चर्चा है कि मुख्यमंत्री दोपहर बाद प्रयागराज आएंगे।

सीएम का प्रयागराज में कुल तीन कार्यक्रम प्रस्तावित है। इनमें आवास का भूमि पूजन, केपी कॉलेज के समारोह में शिरकत और फिर योजनाओं शिलान्यास व लोकार्पण का कार्यक्रम है। इस दौरान सभा भी संबोधित कर सकते हैं। सीएम की सभा कहां पर होगी इसे लेकर अभी अधिकारी खुलकर नहीं बोल रहे हैं। कार्यक्रम को देखते हुए माना जा रहा है कि या तो संबोधन और प्रमाणपत्र वितरण लीडर प्रेस परिसर में होगा। मुख्यमंत्री को यूपीआरएनएसएस, यूपीसिडको, उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद यूपीपीसीएल, सीएंडडीएस, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, ग्रामीण अभिकरण विभाग, जल निगम की योजनाओं का लोकार्पण करना है। इसमें कुल 23 परियोजनाएं हैं, जबकि शिलान्यास कुल 92 परियोजनाओं का बताया जा रहा है।



