शुरूआत … एक पहल नाट्य मंचन नाटक रंगकर्मी के जीवन पर आधारित

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। आज उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, प्रयागराज, द्वारा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के नाट्य प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत केन्द्र की मासिक नाट्य योजना श्रृंखला में 30 दिसम्बर को सांय 6 बजे से केन्द्र के प्रक्षागृह में प्रियम जानी द्वारा लिखित एवं महेन्द्र कुमार कनौजिया द्वारा निर्देशित नाटक ‘‘शुरूआत … एक पहल’’ का मंचन किया गया। यह नाटक रंगकर्मी के जीवन पर आधारित है। कलाकार और निर्देशक के संबंध को थिएटर और फिल्म के प्रति बखूबी बयान करता है। निर्देशक अपना सम्पूर्ण जीवन रंगकर्म को समर्पित कर देता है। रंगकर्म और परिवार के बीच में जब निर्देशक का परिवार आता है तब वह पहली प्राथमिकता रंगकर्म को ही देता है। गांव से आया एक लड़का जिसका सपना फिल्मी एक्टर बनना है वो थियेटर से जुड़कर डायरेक्टर के मार्गदर्शन मंे रंगकर्म की बारीकियों को सीखता है और सीखने के बाद नाट्य जगत को छोड़ मुंबई फिल्मों में काम करने के लिए चला जाता है। जब वो एक कामयाब एक्टर बन जाता है उसके कुछ सालों के बाद जब वह वापस आकर अपने नाट्य गुरू से मिलता है तब उसे पता चलता है कि उसके नाट्य गुरू ने अपने बेटे की एडमिशन फीस के 2 लाख रूपये उस लड़के के पिता के इलाज में लगा दिया था जिससे उसके बीमार पिता का ईलाज हुआ। यह कार्य नाट्य गुरू ने इस लिए किया कि उसका शिष्य जिसको उसने अथक परिश्रम से अभिनय के क्षेत्र में तैयार किया था उसे अभिनय न छोड़ना पड़े। आज भी वह नाट्य गुरू अपने शिष्य की सभी फिल्मो को देखता है नाट्य गुरू का कहना है कि थिएटर को सीढ़ियों की तरह प्रयोग करना गलत है, क्योंकि थिएटर सम्पूर्ण आत्म समर्पण और बलिदान मांगता है। थियेटर का अनुशासन व्यक्ति के जीवन और परिवार पर किस तरह हावी होता है इसके साथ ही फिल्म और थियेटर के पहलुओं पर यह नाटक एक गहरी छाप छोड़ता है। मंच पर शोभित ब्रिज कुशवाहा, गौतम नाथ त्रिपाठी एवं विशाल कुमार उपाध्याय ने अपनी सराहनीय भूमिका का प्रदर्शन किया। मंच से परे, मंच परिकल्पना एवं निर्देशन महेन्द्र कुमार कनौजिया, प्रकाश परिकल्पना सुजॉय घोषाल, संगीत संचालन प्रकाश वर्मा, रूप सज्जा संजय चौधरी, मंचीय सहयोग- सफल सिंह, अस्तित्व सिंह, अलीमुद्दीन व विशेष अभार-राकेश वर्मा ने किया। नाटक ने दर्शकों को खुब लुभाया और दर्शकों ने नाटक की भूरी-भूरी प्रशंसा की। कार्यक्रम का संचालन श्री मधुकांक मिश्र के द्वारा किया गया। मासिक नाट्क योजना के अगले माह की प्रस्तुति जनवरी 2022 के अंतिम शुक्रवार दिनांक 28.01.2022 को होगी।



