एबीआईसी ने जीता अंडर-12 का खिताब

शोएब बेस्ट बैट्समैन एवं मैन ऑफ द टूर्नामेंट, अभिजीत बेस्ट बॉलर
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज (एबीआईसी) ने सेठ अनंतराम जयपुरिया क्लब को सात विकेट से हराकर अंडर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया।
गवर्नमेंट प्रेस मैदान पर सोमवार को खेले गए फाइनल मैच में एसएआर जयपुरिया क्लब ने 25 ओवर में 125 रन (आदर्श पांडेय 53, पार्थवर्धन 2/22, शोएब, सागर एवं हार्दिक नारायण एक-एक विकेट) बनाये। जवाब में एबीआईसी ने 23.5 ओवर में 3 विकेट पर 126 रन (शोएब खान 53, पार्थवर्धन 47, हर्षित तिवारी व आदर्श पांडेय एक-एक विकेट) बना लिये। समापन समारोह के अतिथि फुटबाल प्रशिक्षक डॉ. भाष्कर शुक्ल एवं यूपी स्कूल टीम के चयनकर्ता हसबीन अहमद ने पुरस्कार वितरित किये। शोएब खान को मैन ऑफ द टूर्नामेंट एवं बेस्ट बैट्समैन, अभिजीत सिंह बेस्ट बॉलर और आर्यन मिश्र को बेस्ट विकेटकीपर चुना गया। आयोजन सचिव केशव मिश्र ने अतिथियों का स्वागत एवं कार्यक्रम का संचालन किया। मैच में अंकित पांडेय व अभिषेक चतुर्वेदी ने अंपायरिंग और अभिषेक त्रिपाठी ने स्कोरिंग की। इस मौके पर रवींद्र मिश्र, उदय प्रताप सिंह, विनोद कुमार, राघवेंद्र राय, प्रताप चंदेल, श्यामू भारतीय, मुकेश भारतीय आदि मौजूद रहे।
लक्ष्य ने वाईएमसीए को फाइनल में पहुंचाया
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। लक्ष्य यादव के अर्धशतक (93 नाबाद, 76 गेंद, 10 चौके, एक छक्का) की बदौलत वाईएमसीए स्कूल एंड कॉलेज ने विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल को नौ विकेट से हराकर अंडर-14 त्रिकोणीय क्रिकेट प्रतियोगिता फाइनल में जगह बना ली।
वाईएमसीए मैदान पर सोमवार को खेले गये मैच में वीबीपीएस ने 25 ओवर में 7 विकेट पर 167 रन (यश जायसवाल 63, उज्ज्वल शर्मा 33, अनिकेत कुमार 21, सूर्यांश कुमार 3/28) बनाये। जवाब में वाईएमसीए ने 23.4 ओवर में एक विकेट पर 171 रन (लक्ष्य यादव 93 नाबाद, कुणाल गौर 27, समीर सिंह 21 नाबाद, तन्मय सिंह 1/40) बना लिए। लक्ष्य यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मंगलवार को वीबीपीएस का मुकाबला एमआईसी से होगा।
सिद्धार्थ-किशन की बदौलत देव स्पोर्ट्स अंतिम चार में
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। सिद्धार्थ मिश्र के आतिशी शतक (119 नाबाद, 79 गेंद, 11 चौके, चार छक्के) एवं किशन कुमार (89 रन, 69 गेंद, सात चौके, तीन छक्के) के खेल से देव स्पोर्ट्स क्लब ने आनंद स्पोर्टिंग को 209 रन से रौंदकर राजा भैया जनसत्ता कप अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। देव स्पोर्ट्स अकादमी मैदान पर सोमवार को खेले गए मैच में देव स्पोर्ट्स क्लब ने 30 ओवर में 3 विकेट पर 283 रन (सिद्धार्थ मिश्र 119 नाबाद, किशन कुमार 83, विकास कुमार 36, अनुराग, राजशेखर व दिनेश एक-एक विकेट) बनाकर आनंद स्पोर्टिंग को 20.2 ओवर में 74 रन (राजशेखर 13, आशीष पाल 12, बादल 3/01, सजल पांडेय 2/11) पर समेट दिया।
खेलगांव और झूसी फुटबाल क्लब फाइनल में
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। खेलगांव पब्लिक स्कूल और झूसी फुटबाल क्लब ने दो दिवसीय रौनक टंडन स्मृति फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बना ली। फाइनल मुकाबला मंगलवार को खेला जायेगा। झूसी फुटबाल क्लब मैदान पर सोमवार से शुरू हुई प्रतियोगिता के पहले सेमीफ़ाइनल में खेलगांव पब्लिक स्कूल ने इविंग क्रिश्चियन कॉलेज को 1-0 से हराया। विजेता टीम के लिए एक मात्र गोल दूसरे हाफ के 23वें मिनट में सागर ने किया।
दूसरे सेमीफाइनल में झूंसी फुटबाल क्लब ने रौनक इंटरप्राइजेज फुटबाल क्लब को 2-1 से हराया। जेएफसी के लिए आदित्य और वरुण ने और आरइएफसी के लिए दानियाल ने गोल किया। पहले लीग मैच में खेलगांव पब्लिक स्कूल और अग्रसेन फुटबॉल क्लब का मुकाबला 1-1 से बराबर रहा। अग्रसेन के लिए समीर खान और खेलगांव के लिए सागर ने गोल किया। दूसरे मैच में रौनक इंटरप्राइजेज फुटबाल क्लब ने सलोरी फुटबाल क्लब को 1-0 से हराया। गोल हेमंत दुबे ने किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि पीएसी कमांडेंट नंदजी यादव ने किया। आयोजन सचिव ऐश्वर्य टंडन ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस मौके पर डॉ. अजय शंकर पांडेय, अफजाल अहमद, वरुण यादव, यशार्थ सोनकर, उज्ज्वल जोशी, सुधांशु पांडेय, हेमंत दुबे, सिद्धार्थ मुखर्जी आदि मौजूद रहे।
अपरेश हलदार फुटबाल प्रतियोगिता छह से
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। स्व अपरेश हलदार स्मृति फुटबाल प्रतियोगिता छह जनवरी से एबीआईसी मैदान पर होगी। अंडर-12 एवं अंडर-16 आयुवर्ग में आयोजित इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए इच्छुक टीमें चार जनवरी तक एबीआईसी मैदान पर अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक शादाब रजा, अंबर जायसवाल अथवा सुरेंद्र कुमार से सम्पर्क कर सकती हैं।
चैंपियंस ईगल ने ली 1-0 की बढ़त
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। चैंपियंस ईगल ने डीएवी क्रिकेट अकादमी को एक विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। डीएवी कालेज मैदान पर सोमवार को खेले गये मैच में डीएवी ने 29.3 ओवर में 185 रन (आरूष मिधा व अंबरीश द्विवेदी 20-20, सनी 18, हार्दिक जायसवाल 3/14) बनाये। जवाब में चैंपियंस ईगल ने 29.5 ओवर में 9 विकेट पर 188 रन (निशांत मावी 31, निवाक मावी 24, यशार्थ वर्मा 3/24, रचित द्विवेदी 2/15) बना लिये।



