50 लाख रुपए का बसपा प्रमुख के करीबी का कनेक्शन आया सामने
युवक हिरासत में ,एक दिन पहले ही टिकट के नाम पर 67 लाख हड़पने का लगा था आरोप
कानपुर ( अनुराग दर्शन समाचार ) । कानपुर में एक दिन पहले जांच के दौरान मिले नगद 50 लाख रुपए का बसपा प्रमुख मायावती के करीबी शम्सुद्दीन राइन से कनेक्शन सामने आ रहा है। जिस युवक को पुलिस ने नगदी के साथ हिरासत में लिया है,उसकी राइन से कई दौर की बातचीत हुई है। वो राइन का रिश्तेदार भी है। राइन बसपा के वेस्ट यूपी का प्रभारी भी है। उस पर दो दिन पहले मुजफ्फरनगर के एक नेता ने टिकट के लिए 67 लाख रुपए देने का आरोप लगाया था। वो थाने पहुंचकर फूट-फूटकर रोया भी था।
कानपुर के रामादेवी चौराहे पर शनिवार रात को चकेरी थाने की पुलिस और प्रशासनिक अफसर वाहनों की जांच कर रहे थे। एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर उन्होंने जांच की तो रुपयों से भरा बैग बरामद हुआ। पूछताछ में युवक की पहचान उरई के बजरिया थाने के आमीन राईन के तौर पर हुई। उसने बताया कि उरई की एक फर्म का पैसा है,लेकिन रविवार दोपहर तक इस संबंध में कोई साक्ष्य आयकर विभाग को उपलब्ध नहीं करा सका। फर्म का मालिक भी नहीं पहुंचा। जांच में यह भी सामने आया कि आमीन वेस्ट यूपी के बसपा के पश्चिमी यूपी के प्रभारी शमसुद्दीन राईन के रिश्तेदार है। फिलहाल जांच चल रही है और 50 लाख रुपए सीज करके ट्रेजरी में जमा करा दिया जाएगा।
*शम्सुद्दीन ने दी सफाई*
बसपा नेता शम्सुद्दीन ने अपनी सफाई में एक पत्र जारी किया है। इसमें उन्होंने लिखा है कि जिस कार से 50 लाख बरामद हुआ वह उनके नाम नहीं है। हां मेरे परिवार के लोग व्यापार करते हैं। उनके पैसों को मुझसे और बसपा से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने पत्र में यह भी साफ किया है कि उनके पारिवारिक सीए पहुंचकर कैश का क्लीयरेंस देंगे। फिलहाल रविवार दोपहर तक कोई थाने नहीं पहुंचा। एक दिन पहले ही टिकट के नाम पर 67 लाख हड़पने का आरोप भी लगा था।
बसपा नेता के रिश्तेदार की कार से 50 लाख बरामद होने के ठीक एक दिन पहले ही मुजफ्फरनगर की चरथावल सीट से टिकट मांग रहे बसपा नेता अरशद राणा ने कोतवाली थाने में शमसुद्दीन राईन के खिलाफ तहरीर दी। इतना ही नहीं कोतवाली में फूट-फूटकर रो पड़े। आरोप लगाया कि पार्टी के एक वरिष्ठ शमसुद्दीन राईन को टिकट के लिए 67 लाख रुपए दिए थे। लेकिन उन्हे विश्वास में लिए बगैर उनका टिकट काट दिया गया। उनके रुपए भी वापस नहीं किए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें इंसाफ नहीं मिला तो वह आत्मदाह करेंगे।



