Latest

एसएसपी पहुंचे अचानक झूंसी थाने शौचालय और हवालात का किया निरीक्षण मिली गंदगी ही गंदगी

पूरे प्रकरण की बैठा दी जांच तीन दिन में मांगी रिपोर्ट

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। आज नैनी, झूंसी और औद्योगिक क्षेत्र थाने का एसएसपी अजय कुमार ने निरीक्षण किया तो यहां की हालत देखकर उनका माथा चकरा गया। परिसर से लेकर शौचालय और हवालात में गंदगी फैली थी। पान की पीक फैली थी और खाने के पत्तल बिखरे थे। मानों थाना नहीं कोई कचरा घर हो। थाने में कुछ लोग भी बैठाए गए थे। इनसे भी पूछताछ की गई। एसएसपी को गोपनीय सूचना मिली थी कि थाने में आरोपितों और संदिग्धों को अधिक समय तक रोका जाता है। धनउगाही करने के बाद ही छोड़ा जाता है। एसएसपी को प्रथमदृष्टया सूचना सही प्रतीत होती नजर आई। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच बैठा दी और इसका जिम्मा एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित और एसपी गंगापार अभिषेक अग्रवाल को सौंप दिया। तीन दिन में इसकी रिपोर्ट भी मांगी है, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। एसएसपी के तेवर से यह साफ है कि आने वाले दिनों में कई थानेदारों पर गाज गिरनी तय है। एसएसपी अचानक झूंसी थाने पहुंचे। यहां परिसर, शौचालय और हवालात का निरीक्षण किया तो गंदगी ही गंदगी मिली। हवालात में खाने-पीने के सामान, जूठे पत्तल आदि पड़े थे। उन्होंने मौजूद थाना प्रभारी से इस बारे में पूछते हुए कहा कि हवालात प्रबंधन व नियमों का जरा भी पालन नहीं होता। इसके बाद वे शौचालय में पहुंचे तो यहां भीषण गंदगी देखकर उनका पारा चढ़ गया। थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों को भी फटकार लगाई। थाने में बैठाए गए लोगों के बारे में पूछा और उन लोगों से बातचीत भी की। इसके बाद वे नैनी और औद्योगिक क्षेत्र थाना पहुंचे। यहां भी वही स्थिति थी जो झूंसी थाने में थी। पुलिसकर्मियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की हिदायत दी। एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि उन्हें गोपनीय सूचना मिली थी कि आरोपितों और संदिग्धों को थाने लाकर अधिक समय तक रोका जाता है। उनसे धनदोहन करने के बाद छोड़ा जाता है। यह सभी आरोप प्रथमदृष्टया सही प्रतीत होती है।
थाना प्रभारी झूंसी, नैनी और औद्योगिक क्षेत्र की कार्यप्रणाली और इनके द्वारा अधीनस्थों पर नियंत्रण निम्न कोटि का है। ऐसे में झूंसी थाने की जांच एसपी यमुनापार साैरभ दीक्षित और नैनी व औद्योगिक क्षेत्र थाने की जांच एसपी गंगापार अभिषेक अग्रवाल करेंगे। तीन दिन के भीतर दोनों अधिकारियों से रिपोर्ट देने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी तक जनपद के सभी थानों का निरीक्षण पूरा कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button