पटरी से उतरे मालगाडी के 15 डिब्बे

दिल्ली मथुरा रेल मार्ग पर प्रभावित रहा याताया
मथुरा ( अनुराग दर्शन समाचार ) । जनपद में बीती रात्रि मथुरा-दिल्ली रेल मार्ग पर भूतेश्वर वृंदावन के मध्य सीमेंट से भरी मालगाड़ी के 15 डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना के चलते मथुरा की ओर से आने वाली गाडि़यों के रूट डायवर्ट कर दिया गया था। मुंबई से आने वाली राजधानी, शताब्दी, साप्ताहिक ट्रेन युवा स्पेशल सहित आदि महत्वपूर्ण गाडि़यों को दिल्ली जाने के लिए अलग रूट से गुजारा गया। हालांकि इस दौरान मथुरा जंक्शन पर उतरने वाले यात्रियों को कुछ परेशानी भी हुई। घटना के बाद रेल प्रशासन ने ट्रेनों के संचालन को सुचारू करने के लिए तेजी से काम शुरू कर दिया था। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डा. शिवम शर्मा के अनुसार वंडर सिमेंट साइडिंग राजस्थान से गाजियाबाद जा रही मालगाडी के 15 डिब्बे मथुरा पलवल मुख्य मार्ग पर वृंदावन भूतेश्वर के मध्य रात्रि के समय पटरी से उतर गए, जिसके चलते अप, डाउन एवं तीसरी लाइन बाधित हो गई है। आगरा मंडल रेल प्रबंधक आनंद स्वरूप के नेतृत्व में रिस्टोरेशन कार्य किया जा रहा है। स्थानीय अधिकारी घटना स्थल पर तत्काल पहुंच गए और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी सूचना मिलते ही घटना स्थल के लिए तत्काल रवाना हो गए। दुर्घटना राहत गाडि़यों को भी दिल्ली, आगरा, टूंडला एवं झांसी से तत्काल रवाना कर दिया गया है।



