इंस्पेक्टर व दो दारोगाओं समेत 6 पुलिस कर्मियों को किया निलंबित-एसएसपी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। पिछले दिनों RRB-NTPC परीक्षा में धांधली का आरोप लगाकर बिहार से यूपी तक छात्रों का प्रदर्शन जारी है। प्रयागराज में प्रदर्शन करने वाले छात्रों को हॉस्टल में घुसकर पीटने के मामले में इंस्पेक्टर और दो दारोगाओं समेत 6 पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। प्रयागराज के एसएसपी अजय कुमार ने छात्रों के साथ हुई बेरहमी पर सफाई भी दी है। एसएसपी ने कहा कि उपद्रवीतत्वों के खिलाफ 13 गंभीर धाराओं में थाना कर्नलगंज पर मुकदमा दर्ज हुआ है। 3 नामजद व करीब 1000 अज्ञात उपद्रवियों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। 11 लोगों की टीम बनाई है, अगर जांच में आता है कि कोई विशेष पार्टी संलिप्त है तो चुनाव आयोग को पत्र लिखेंगे, मुकदमा दर्ज करेंगे। छात्रों के साथ हुई घटना के कई वीडियो तेजी से वायरल हुए हैं। इसे लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी योगी सरकार को निशाने पर लिया है।




