मिड डे मील व ड्रेस का मिलेगा पैसा, किताबें पहुंचेंगी घर

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना काल में बंद चल रहे परिषदीय स्कूलों के बच्चों के अभिभावकों के खाते में पहली बार यूनिफॉर्म का पैसा सीधे भेजा जाएगा।
मिड-डे-मील की परिवर्तन लागत भी पिछले साल की तरह खाते में ट्रांसफर की जाएगी। किताबों की खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई है और 10 दिन बाद सप्लाई शुरू हो जाएगी।
हालात सामान्य नहीं होते तो नि:शुल्क किताबें पिछली बार की तरह सीमित संख्या में अभिभावकों को स्कूल बुलाकर वितरित की जाएगी।
यानि किताबें बच्चों के घर तक पहुंचेगी। हर साल पिछले शैक्षणिक सत्र के 30 सितंबर की छात्र संख्या के आधार पर किताबों की खरीद होती थी।
लेकिन इस साल परिषदीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक, राजकीय व समाज कल्याण विभाग से संचालित विद्यालय एवं मदरसों की वास्तविक छात्रसंख्या के आधार पर खरीद होनी है। बीएसए संजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि एक दो दिन में किताबों का खरीद आदेश जारी हो जाएगा।
दस दिन बाद सप्लाई शुरू हो जाएगी और अगस्त मध्य तक सभी किताबें मिल जाएंगी। यदि हालात सामान्य नहीं होते तो अभिभावकों को स्कूल बुलाकर पुस्तकें दी जाएंगी ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो। गौरतलब है कि यूनिफॉर्म की धनराशि छात्र छात्राओं के अभिभावकों के खाते में ट्रांसफर करने के लिए 15 जून को प्रशिक्षण होना है।

