हर्षोल्लास से मनाया गुरू गोबिन्द सिंह प्रकाशोत्सव

गुरू गोबिन्द सिंह जी महाराज का प्रकाशोत्सव


विभिन्न प्रान्तों से आये सन्तों ने भजन कीर्तन एवं गुरूबाणी का पाठ किया
( अनुराग शुक्ला)
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। आज श्री गुरू सिंह सभा के तत्वावधान में गुरूद्वारासाहिब में मनाया गया। इस समारोह में विभिन्न प्रान्तों से आये सन्तों ने भजन कीर्तन एवं गुरूबाणी का पाठ किया तथा भक्तजनों ने श्रद्धापूर्वक श्री गुरू ग्रन्थ साहिब के सामने मत्था टेका। गुरुद्वारा साहिब में आज श्री सहज पाठ साहिब की 9:30 बजे समाप्ति हुई। तत्पश्चात् कीर्तन दरबार हुआ तथा 10 बजे से शाम 3 बजे तक कार्यक्रम चलता रहा। इस मौके पर कथा कीर्तन,व्याख्यान, कविताएं. अरदास एवं लंगर (भण्डारे) का आयोजन किया गया। जिसमें सभी धर्मों के लोगों ने बिना किसी जात-पात धर्म व बिना किसी प्रकार के भेद-भाव के गुरू का लंगर ग्रहण किया एवं कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
श्री गोबिन्द सिंह जी का अवतार सन् 1666 ई में श्री गुरू तेग बहादुर जी के गृह माता गुजर कौर जी के पवित्र गर्भ से पटना शहर में हुआ था। श्री गुरू गोबिन्द सिंह जी का अवतार का इतिहास प्रयाग से भी जुड़ा है. माँ के गर्भ में आपका प्रकाश प्रयाग में हुआ। प्रयाग की धरती इसलिए भी महातीर्थ है कि सरबंसदानी,
महाबली श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी के माता के गर्भ से प्रकाश प्रयाग में हुआ जिसका वर्णन गुरू जी ने अपनी बाणी विचित्र नाटक में किया। कार्यक्रम में भाई अमरजीत सिंह जी हजूरी रागी जत्था श्री गुरू सिंह सभा तथा रागी भाई जतिन्दर सिंह सरबजीत सिंह हजूरी रागी श्री दरबार साहिब अमृतसर वाले ने संगतो को गुरबाणी श्रवण कराया। श्री गुरू तेग बहादुर खालसा गर्ल्स इण्टर कालेज के बच्चों ने गुरूबाणी का गायन किया एवं खालसा पंथ के संस्थापक श्री गुरू गोबिन्द सिंह जी महाराज के उपदेशों के अनुसार अपना जीवन व्यतीत करने की प्रेरणा दी।
समारोह में श्री गुरू सिंह सभा एवं श्री गुरू तेग बहादुर खालसा गर्ल्स इण्टर कालेज की पूरी कमेटी ने
सक्रिय सहयोग दिया।
श्री गुरू सिंह सभा के अध्यक्ष सरदार जोगिन्दर सिंह जी ने पूरी साध संगत को गुरू जी के प्रकाश
उत्सव की बधाई दी एवंम प्रशासन के प्रति अपना आभार प्रकट किया। इस मौके पर केन्द्र सरकार से अनुरोध किया कि किसान देश की रीढ़ है, देश का अन्नदाता है। उनकी माँगों को सहानुभूति पूर्वक विचार कर निर्णय लें। श्री गुरू सिंह सभा एवं उत्तर-मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के सहयोग से श्री गुरू गोबिन्द सिंह जी के प्रकाश उत्सव के उपलक्ष में दिनांक 14 जनवरी को एक चित्र-कला प्रदर्शनी का आरम्भ हुआ जिसका आज
प्रकाश उत्सव पर उद्घाटन सभा के अध्यक्ष स० जोगिन्दर सिंह जी ने किया। चित्र-कला प्रदर्शनी में चित्रकारों ने गुरू गोविन्द सिंह जी के जीवन पर आधारित अद्भुद चित्र गुरूद्वारा साहिब में बनायी जिसको सगतों ने दर्शन करके अपने आप को धन्य माना तथा चित्रकारों की कामयाबी की प्रार्थना की। श्री गोबिन्द सिंह जी के प्रकाशोत्सव की खुशी पर सिक्ख बन्धुओं ने रात में अपने घरों में दीपमालाका आयोजन किया। कार्यक्रम का संचालन श्री गुरू सिंह सभा के महामंत्री स0 प्रीतम सिंह जी ने किया।


