एसआई भर्ती में अभ्यर्थी को नहीं मिली राहत, कोर्ट ने खारिज की याचिका

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार ) । इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एएसआई भर्ती 2020-21 में फिजिकल टेस्ट कराने की मांग वाली याचिका पर बरेली के अभ्यर्थी-याची को राहत नहीं दिया है। कोर्ट ने कहा कि अगर याची फिजिकल टेस्ट में पास भी हो जाता तो उसके लिखित परीक्षा में प्राप्त किए अंक इतने कम हैं कि उसका चयन नहीं हो सकता था। कोर्ट ने इस आधार पर याचिका खारिज कर दिया।
यह आदेश सौरभ श्याम शमशेरी ने श्याम भरोसे काला की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया। याची का तर्क था कि वह उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्र से है। 24 जून 2022 तक नेट सर्वर गड़बड़ होने के कारण वह फिजिकल टेस्ट के लिए अपना अभ्यावेदन अपलोड नहीं कर सका। इस वजह से 25 जून को बरेली में होने वाले फिजिकल टेस्ट में शामिल होने से वंचित हो गया। उसका अभ्यावेदन 26 जून को अपलोड हुआ। इसलिए बोर्ड गठित कर फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट कराया जाए। जवाब में सरकारी अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि याची का कथन झूठा है। 24 जून को उसका अभ्यावेदन अपलोड हो गया था। वह 25 जून को फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट में उपस्थित नहीं हुआ। पुनः 26 जून को अभ्यावेदन अपलोड कर पुनः स्टैंडर्ड टेस्ट कराना चाहता है। याची का कट आफ मार्क अन्तिम चयनित अभ्यर्थी से कम है। यह भी कि भर्ती बोर्ड की भूमिका फाइनल रिजल्ट जारी होने पर 20 जून से समाप्त हो गई। कोर्ट ने इस पर याचिका को खारिज कर दिया।



