नमामि गंगे की प्रदर्शनी माघ मेले में आकर्षण का केंद्र बिंदु : जस्टिस शेखर

माघ मेले में लगी नमामि गंगे की प्रदर्शनी का हुआ समापन
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। माघ मेले में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा गंगा और पर्यावरण के प्रति आम जनमानस को जागरूक करने के लिए लगी प्रदर्शनी का समापन हुआ। इस अवसर पर इलाहाबाद हाईकोर्ट के दो अतिथियों का आगमन नमामि गंगे प्रदर्शनी में हुआ। जिसमें गंगा की धार्मिक, सांस्कृतिक, आर्थिक एवं भौगोलिक महत्ता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस शेखर कुमार यादव ने कहा कि नमामि गंगे की प्रदर्शनी माघ मेले में आकर्षण का केंद्र बिंदु बनता है।
इस दौरान जस्टिस शेखर कुमार यादव इलाहाबाद हाईकोर्ट एवं महेश चंद्र चतुर्वेदी अतिरिक्त महाधिवक्ता इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नमामि गंगे प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी देखकर विभाग व भारत सरकार की प्रशंसा की और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा हर वर्ष लगाये जाने वाले इस प्रदर्शनी की आगंतुकों में महत्ता व प्रसिद्धि को भी साझा किया। उन्होंने कहा इस प्रदर्शनी द्वारा गंगा और नदियों की स्वच्छता व जागरूकता के लिए उठाये जा रहे प्रयासों की भी जानकारी मिलती है। अतः ऐसी प्रदर्शनी माघ मेले में अत्यंत आवश्यक है। नमामि गंगे जल शक्ति मंत्रालय से अथर्व राज ने उत्तर प्रदेश समेत प्रयागराज में चल रहे सभी नमामि गंगे प्रकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी को देख आम जनमानस में गंगा व उसकी सहायक नदियों को साफ करने की प्रेरणा मिले यही हमारा उद्देश्य है। प्रयागराज विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं में प्रदर्शनी को लेकर काफी रुचि देखने को मिली। प्रदर्शनी में गंगा विचार मंच, नेहरू युवा केन्द्र, वन्य जीव संस्था व गंगा टास्क फोर्स के अधिकारियों की भी उपस्थिति रही।
गंगा विचार मंच, प्रयागराज संयोजक राजेश शर्मा ने बताया कि गंगा विचार मंच के अंतर्गत गंगा ग्रमीण क्षेत्रों में जागरूकता के भिन्न-भिन्न कार्यक्रमों के द्वारा स्थानीय निवासियों को गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाता है। वन्य जीव संस्था के प्रतिनिधि ने बताया कि कैसे गंगा में डॉल्फिन कछुए एवं मछलियों की लुप्त हो रही प्रजातियां पुनः देखी जाने लगी है और साथ-साथ इनकी संख्या में लगातार वृद्धि ही रही है। नेहरू युवा केन्द्र की प्रतिनिधि ऐशा सिंह ने बताया कि कैसे ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी टीम लोगों को गंगा नदी की स्वच्छता के लिए जागरूक कर रही है। मां गंगा सेवा समिति प्रयागराज के सचिव रंजन शर्मा भी प्रदर्शनी में उपस्थित रहे।




