यूपी की सत्ता के सिरमौर पर 300 करोड़ से ज्यादा का लगा सट्टा
प्रयागराज (अनुभव दर्शन समाचार )। यूपी में विधानसभा चुनाव की वोटिंग पूरी हो चुकी है। अब 10 मार्च को आपके यानी जनता के फैसले का इंतजार है। अबकी बार किसकी सरकार? इसका काउंटडाउन शुरू हो चुका है। फिलहाल, एग्जिट पोल के बीच यूपी, एमपी समेत 5 राज्यों के सट्टा बाजार में भाजपा का भाव हाई है।
सट्टा बाजार के ट्रेंड के मुताबिक सपा यूपी की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। सिर्फ यही नहीं, पांचों सट्टा बाजार में सबसे कम सीटें कांग्रेस को दी जा रही हैं।
सटोरियों के मुताबिक यूपी की सत्ता के सिरमौर पर 300 करोड़ से ज्यादा का सट्टा लग चुका है। सट्टा बाजार में राजनीतिक पार्टियों पर चल रहे भाव को समझने के लिए हमने राजस्थान का फलौदी सट्टा बाजार, मध्य प्रदेश, गुजरात, दिल्ली और मुंबई के सट्टा बाजार के सटोरियों से बात की।
सभी बाजार भाजपा को सबसे ज्यादा सीटें मिलने की बात कह रहे हैं।अगर थोड़ा डिटेल में जाएं तो फलौदी सट्टा बाजार में भाजपा को 223 से 230 सीटें दी गई हैं। सपा के खाते में 135 से 145 सीटें दी गई हैं। वहीं, गुजरात का सट्टा बाजार का अनुमान है कि यूपी में भाजपा 220 से 226 सीटें लेकर आ रही है। जबकि सपा को 135 से 140 सीटें मिल पा रही हैं। इसी तरह बाकी राज्यों के सट्टा बाजार में कमल ही खिला हुआ नजर आ रहा है। सपा को दूसरी बड़ी पार्टी के तौर पर बताया जा रहा है। सभी सट्टा बाजार में सबसे कम सीटें कांग्रेस के खाते में डाली गई हैं।चुनाव चाहे विधानसभा का हो या लोकसभा का। घोषणा, मतदान से लेकर नतीजों पर सटोरिए अलग-अलग भाव तय करते हैं। पार्टी और प्रत्याशियों की हार-जीत पर सट्टा लगता है। सीटों के गणित पर सट्टा लगता है। सट्टा इस बार भी लगा है, वह भी करोड़ों में। सट्टा ऑफ लाइन और ऑन लाइन दोनों तरह से लगवाया जाता है।सट्टा लगाने के लिए कई वेबसाइट हैं। इनके एजेंट को मास्टर लॉगिन आईडी और पासवर्ड 5 से 25 लाख में लेना होता है। फिर एजेंट सट्टा लगाने वालों से पैसे लेकर उनकी सब आईडी बनाकर दे रहे हैं। इससे लॉगिन करते ही स्क्रीन पर पार्टियों के हार-जीत का अनुमान सामने आ जाता है। जो अनुमान सटीक लगता है, लोग अपने हिसाब से उस पर सट्टा लगा सकते हैं।



