देश

कार सवारों ने लूटा बेटे के इलाज का पैसा

प्रयागराज(अनुराग दर्शन समाचार )। कंपनी बाग के पीछे बुधवार को कार सवार बदमाशों ने एक बुजुर्ग को मदद के लिए बुलाया और उनका 50 हजार रुपये लूटकर भाग निकले। लूट की सूचना पर पहुंची जॉर्जटाउन पुलिस ने छानबीन की और लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस कार सवार लुटेरों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि बांदा जिले के रहने वाले रामप्रताप डीएम कार्यालय में काम करते थे। अब वह सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनका बेटा राकेश कंपनी बाग के पास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती है। बुधवार सुबह वह अस्पताल से निकलकर कुछ सामान लेने जा रहे थे। तभी कार सवार लड़के पहुंचे और उन्हें रोका। लुटेरों ने उनसे पूछा कि प्रीति नर्सिंग होम कहां है? मदद के बहाने उनको अपने पास बुलाया और गाड़ी में बैठने के लिए कहा। इस दौरान झांसा देकर उनका रुपया छीन लिया और भाग निकले। जॉर्ज टाउन पुलिस ने बताया कि लुटेरों की तलाश में घेराबंदी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button