मंत्रिमंडल में दूसरी बार जगह बनाने में नंद गोपाल गुप्त नंदी रहे कामयाब

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। इलाहाबाद दक्षिण विधानसभा सीट से तीसरी बार जीत दर्ज की है। उनकी सियासी पारी 2007 में बसपा के साथ शुरू हुई थी। इलाहाबाद दक्षिण विधानसभा सीट से पहले प्रयास में ही भाजपा के कद्दावर नेता पं. केशरीनाथ त्रिपाठी को मात दी थी। यही वजह थी कि बसपा सरकार में उन्हें मंत्रिमंडल का हिस्सा बनाया गया था। 2012 के विधानसभा चुनाव में भी बसपा के टिकट पर लड़े लेकिन सपा प्रत्याशी हाजी परवेज अहमद से 414 मतों से पराजित हुए। 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट से इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से भाग्य आजमाया लेकिन इस बार भी सफलता नहीं मिली।
2017 विधानसभा चुनाव में नंदी ने बीजेपी का थाम लिया था दामन
2017 विधानसभा चुनाव में पाला बदलते हुए नंद गोपाल गुप्त नंदी ने बीजेपी का दामन थाम लिया। इस बार सपा प्रत्याशी परवेज अहमद टंकी को हराने में सफल हुए। भाग्य ने साथ दिया और भाजपा सरकार में भी कैबिनेट मंत्री का पद मिला। 2022 में भाजपा ने फिर उन्हें मौका दिया। पार्टी के विश्वास पर खरे उतरते हुए उन्होंने सपा प्रत्याशी रईस शुक्ला को शिकस्त दी। खास बात यह कि प्रत्येक चुनाव में नंद गोपाल गुप्त नंदी अपने जनाधार को बढ़ाने में सफल रहे। 2007 में शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र से जब नंद गोपाल गुप्त नंदी ने चुनाव लड़ा तो उन्हें 35 हजार वोट मिले थे। 2012 में यह आंकड़ा 48 हजार पहुंच गया हालांकि इस बार हार का सामना करना पड़ा। 2014 के लोकसभा चुनाव में एक लाख से अधिक वोट मिले थे। 2017 में वोटों की संख्या 93 हजार पार कर गई जब कि 2022 में मतों की संख्या 97487 पहुंच गई।
पत्नी अभिलाषा गुप्ता नंदी है महापौर
नंद गोपाल गुप्त नंदी की पत्नी अभिलाषा गुप्ता नंदी वर्तमान में प्रयागराज की महापौर हैं। इससे पहले वह 2012 में भी नगर निगम चुनाव जीत कर महापौर बनी थीं। परिवार में बेटा अभिषेक व नमन के अतिरिक्त बेटी जाह्नवी भी हैं।



