
माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरढ़ बड़ी संख्या में पहुंचते हैं लोग
भिलाई ( अनुराग दर्शन समाचार )। नवरात्रि 2 अप्रैल से प्रारंभ हो रहा है। इस दौरान पैदल श्रद्धाओं की भीड़ मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरढ़ बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं को कोई तकलीफ न हो इसका शासन-प्रशासन पूरा ध्यान रखने की कोशिश मे लगे रहते हैं। इस बार भी खासकर पुलिस प्रशासन रूट चार्ट तैयार कर लिया। चैत्र नवरात्रि के दौरान पैदल डोंगरगढ़़ जाने वाले दर्शनार्थियों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए मार्ग व्यवस्था को लेकर पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर-6 भिलाई में अधिकारियो की बैठक में इस पर पूरा खाका तैयार किया गया। नवरात्रि में डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्री प्रत्येक वर्ष कुम्हारी, चरोदा, भिलाई-3, खुर्सीपार, सुपेला, सेक्टर एरिया, दुर्ग से निकलकर पुलगांव, अंजोरा होते हुए राजनांदगांव की ओर जाते रहे हैं। चूंकि इस बार जीई रोड पर फ्लाई ओव्हर निर्माण कार्य के कारण सड़क संकरा है। इस कारण पदयात्रा मार्ग को परिवर्तित किया गया है। प्रतिवर्ष पावर हाउस चौक से सुपेला की ओर जाते थे। इस बार खुर्सीपार तिराहा से रेल्वे फाटक क्रास कर मुर्गा चौक से सेन्ट्रल एवेन्यु होते हुए सेक्टर 9 चौक से ठगड़ाबांध ओव्हर ब्रिज से जेल तिराहा से महाराजा चौक होते हुए पुलगांव चौक, शिवनाथ नदी ब्रिज होते हुए अंजोरा बायपास से जाएंगे।
नवरात्रि के दौरान सुगम एवं सुरक्षित पदयात्रा के लिए विभिन्न विभागों को व्यवस्था के लिए अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर द्वारा निर्देशित किया गया है, जिसमें नगर निगम भिलाई, दुर्ग, चरोदा, नगर पालिका परिषद कुम्हारी एवं जनपद पंचायत दुर्ग को ग्राम पंचायत महमरा व अंजोरा में पदयात्री मार्ग में समुचित लाईटिंग, सहायता केन्द्र के लिए टेन्ट ”पदयात्री बांए चलें लिखा हुआ फ्लैक्स एवं अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देश दिए गए। इसी तरह लोक निर्माण विभाग दुर्ग संभाग, लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग को बांस-बल्ली से पदयात्रियों के लिए सुरक्षित लेन जिसमें चूना से पोताई किया गया हुआ, रिफ्लेक्टिव टेप व रिबन बंधा होना चाहिए तथा अस्थाई स्पीड ब्रेकर बनाने के लिए भी निर्देशित किया गया। वन विभाग दुर्ग को सुरक्षित लेन बनाने के लिए लगने वाले बांस बल्ली उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया। विद्युत विभाग को भी 2 अप्रैल से 9 अप्रैल तक पदयात्री मार्ग पर निर्बाध विद्युत व्यवस्था के लिए निर्देशित किया गया है। चूंकि इस वर्ष पदयात्रियों को खुर्सीपार तिराहा से रेल्वे फाटक होते हुए सेन्ट्रल एवेन्यु मार्ग से जेल तिराहा की ओर जायेगे इस पर भिलाई इस्पात संयंत्र को मार्ग मे समुचित लाईटिंग एवं सहायता केन्द्र के लिए टेंट लगाने निर्देशित किया गया।



