हनुमान जयंती पर मंदिरों मे हुआ हवन-पूजन, उमड़े भक्त


जगह-जगह हुये भण्डारे,पवनसुत के जयकारों से गुजायमान रहे मंदिर
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। हनुमान जयन्ती के मौके पर भक्तों का सैलाव मारूती नन्दन के दर्शनों को उमड़ा। पवनसुत के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से हवन पूजन किया तथा भगवान के दर्शन कर दरवार में मत्था टेका। सुबह से देर शाम तक मंदिरों में भीड़-भाड़ नजर आयी। अखण्ड रामायण के पाठ किये गये। कई स्थानों पर भण्डारे हुये जिसमें प्रसाद ग्रहण करने वालों की कतार लगी रही। डीजे व लाउड़स्पीकरों पर बज रहे भजनों के चलते वातावरण में भक्ति की बयार बह रही थी।
हनुमान जयन्ती के उपलक्ष्य में सुबह से ही पूजा पाठ की तैयारी शुरू हो गयी। भोर से ही भक्त अपने आराध्य भगवान बजरंगवली का पूजन करने के लिये मंदिरों की तरफ आ जा रहे थे। शहर के प्राचीन प्रसिद्ध बड़े हनुमान मंदिर बांध स्थित मंदिर के महंत बलवीर गिरी महाराज जी ने सुबह ही भगवान का सिन्दूर से अनुपम श्रंगार किया साथ ही राम-सीता की अनुपम झांकी सजाई। श्रंगार के पश्चात आरती की गयी तथा भक्तों ने हवन पूजन किया। श्रद्धालुओं ने हवन कुण्ड में देवताओं को आहुतियां दी। बाघमबारी गद्दी मठ स्थित संस्कृत विद्यालय के आचार्य वैदिक मंत्रों का उच्चारण कर रहे थे। अखण्ड रामायण का पाठ एक दिन पूर्व शुरू किया गया था। पूजा पाठ के बाद भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। देर शाम तक भक्तों के आने जाने का क्रम चलता रहा। भगवान बजरंगवली के उदघोष तथा घण्टा घड़ियालों की ध्वनि से वातावरण गंुजायमान रहा।

