Latest

संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए बनेगा अतिथि गृह

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। संगम में डुबकी लगाने व लेटे हनुमानजी के दर्शन के लिए बाहर से आने वाले श्रद्धालु घाट के पास ही अतिथि गृह में विश्राम कर सकेंगे। संगम क्षेत्र में ही रुकने के लिए जल्द कमरा मिल सकेगा। परिवार के साथ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग कमरे होंगे। इनका किराया भी किफायती होगा। श्रद्धालुओं के लिए संगम क्षेत्र में अतिथि गृह बनाने की योजना तैयारी हो गई है। छावनी परिषद ने पांच कमरों का अतिथि गृह बनाने की योजना तैयार की है। इसमें तीन कमरे सामान्य होंगे। दो कमरे परिवारों के लिए आरक्षित होंगे। छावनी बोर्ड की आगामी बैठक में अतिथि गृह का प्रस्ताव रखा जाएगा। प्रस्ताव को हरी झंडी मिलते ही अतिथि गृह का निर्माण शुरू हो जाएगा। अभी बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को संगम क्षेत्र के बाहर होटलों में ठहरने के लिए मोटी रकम खर्च करनी पड़ती है। मुख्य अधिशासी अधिकारी माने अमित कुमार बाबूराव ने बताया कि अतिथि गृह के कमरों का किराया निर्माण के बाद तय होगा। एक साल में अतिथि गृह का निर्माण पूरा होने की संभावना है। डेढ़ दशक पहले प्रदेश सरकार ने भी संगम क्षेत्र में विश्रामालय बनाने की योजना बनाई थी। 2007 के अर्धकुम्भ से पहले तत्कालीन नगर विकास मंत्री ने विश्रामालय के लिए बजट भी जारी कर दिया था। उस वक्त सेना ने आपत्ति कर दी और विश्रामालय का निर्माण लटक गया। नई छावनी क्षेत्र के आरए बाजार में नया वेंडिंग जोन बनेगा। क्षेत्र के फुटपाथ पर लगने वाली दुकानें वेंडिंग जोन में शिफ्ट की जाएंगी। वेंडिंग जोन में 45 दुकानों के लिए जगह होगी। इसमें दुकानदारों का लाइसेंस बनेगा। गल्ला बाजार के लोग छोटी बीमारियों का इलाज अपने क्षेत्र में करा सकेंगे। छावनी परिषद गल्ला बाजार में डिस्पेंसरी खोलेगा। डिस्पेंसरी में सामान्य लोग भी इलाज करा सकेंगे।

Related Articles

Back to top button