माशिसेः भर्ती से टीजीटी बायो बाहर

चयन बोर्ड ने इस बार जिलों से नहीं मंगाया अधियाचन
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा (माशिसे) चयन बोर्ड सूबे के लगभग साढ़े चार हजार सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) और प्रवक्ता (पीजीटी) पदों पर भर्ती के लिए सितंबर के दूसरे सप्ताह तक विज्ञापन जारी कर सकता है। इस बार अन्य विषयों के साथ टीजीटी विज्ञान विषय का चयन होगा क्योंकि भर्ती से हाईस्कूल स्तर पर टीजीटी बायो को बाहर कर दिया गया है। माशिसे चयन बोर्ड ने जिलों से जो अधियाचन मंगाया है उसमें टीजीटी बायो का अधियाचन नहीं है।
इससे पहले माशिसे चयन बोर्ड ने वर्ष 2016 में टीजीटी-पीजीटी के तकरीबन 10 हजार पदों के लिए भर्ती निकाली थी। उसमें टीजीटी बायो के 304 और टीजीटी विज्ञान के 1140 पद थे। हालांकि चयन बोर्ड ने भर्ती की समीक्षा के बाद 12 जुलाई 2018 को टीजीटी बायो की भर्ती यह कहते हुए निरस्त कर दी थी की यह विषय हाईस्कूल स्तर पर अलग से पढ़ाया नहीं जाता इसलिए इस पर चयन का कोई औचित्य नहीं है।
इनसेट…
नहीं हुई लिखित परीक्षा
प्रयागराज। चयन बोर्ड ने हाईस्कूल स्तर पर काष्ठ शिल्प, पुस्तक कला, टंकण और आशुलिपि टंकण व इंटर स्तर पर पीजीटी वनस्पति विज्ञान जबकि हाईस्कूल तथा इंटर स्तर पर संगीत विषय समाप्त कर दिए थे। इनमें से टीजीटी बायो के 304 पदों के लिए 67 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इन अभ्यर्थियों ने चयन बोर्ड के खिलाफ याचिका कर दी जिसकी सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने 13 फरवरी 2020 को भर्ती का आदेश दिया था। उसके बाद चयन बोर्ड ने 20 फरवरी को इस भर्ती को निरस्त करने संबंधी अपने आदेश को वापस ले लिया। लेकिन अब तक लिखित परीक्षा की तारीख घोषित नहीं हो सकी है।



