कानपुर हिंसा के मुख्य आरोपी का पीएफआई कनेक्शन: एटीएस चीफ ने डेरा डाला

हयात के घर से पीएफआई से जुड़ी 4 संस्थाओं के फंडिंग से जुड़े दस्तावेज बरामद
कानपुर ( अनुराग दर्शन समाचार )। कानपुर हिंसा में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) की भूमिका मिली है। मुख्य आरोपी हयात जफर हाशमी के इस संगठन से जुड़े होने के साक्ष्य पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। हयात के घर से पीएफआई से जुड़ी 4 संस्थाओं के फंडिंग से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। अब टेरर फंडिंग की जांच के लिए एडीजी (एटीएस) नवीन अरोड़ा रविवार को कानपुर पहुंचे है। आईपीएस अजय पाल के साथ उन्होंने बैंक अकाउंट की डिटेल की बारीकी से छानबीन की। वहीं,हिंसा वाले इलाकों में एटीएस कमांडो पहुंचे। फिलहाल, ये पता लगाया जा रहा है कि संस्था की फंडिंग के स्रोत क्या थे। हिंसा की साजिश में कौन-कौन शामिल है?
36 उपद्रवियों के पोस्टर तैयार
3 जून को जुमे की नमाज के बाद यतीमखाना में दुकानें बंद कराने को लेकर दो समुदाय आमने-सामने आए थे। यहां पथराव और तोड़फोड़ की गई। करीब 12 लोग चोटिल हुए। 5 घंटे की हिंसा के बाद पुलिस ने 3 FIR दर्ज करके 1040 लोगों को आरोपी बनाया। पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीना के मुताबिक लखनऊ में एक यूट्यूब चैनल के दफ्तर से हयात समेत 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, अब तक 36 उपद्रवियों की पहचान हो चुकी है। तैयारी है कि उनके पोस्टर कानपुर के बाजारों में लगाए जाएंगे। ताकि, लोग जान सकें कि माहौल को खराब करने के पीछे किनका हाथ रहा।
कई अहम दस्तावेज जब्त
पुलिस की टीमों ने शनिवार रात को एमएमए जौहर फैंस एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हयात जफर हाशमी के घर छापा मारा। उसके अलावा अन्य आरोपियों के घर भी दबिश दी। वहां से कई अहम दस्तावेज जब्त किए। हयात के घर और उसके मोबाइल से जांच के दौरान एआईआईसी,आरआईएफ,सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई), कैंपस फ्रंट ऑफ इंडिया (सीएफआई) संस्था से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। ये सभी दस्तावेज फंडिंग से संबंधित हैं। पीएफआई इन चारों संस्थाओं की फंडिंग करता है। यह बात कई एजेंसियों की जांच में साबित हो चुकी है।
इन दस्तावेजों में यह जानकारी दी गई है कि आखिर किस तरह से फंडिंग होती है और उसे किस तरह से बांटा जाता है। पुलिस को पूरी आशंका है कि हयात जफर हाशमी भी पीएफआई से जुड़ा हुआ था। इसकी संस्था को भी पीएफआई समेत अन्य जगह से फंडिंग की जा रही थी। पुलिस जल्द ही मामले की जांच पूरी होते ही बड़ा खुलासा करेगी।



