सांसद आवास पर प्रदर्शन कर रहे लोगों पर FIR दर्ज

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद सांसद रीता बहुगुणा जोशी के आवास पर लगभग दो दर्जन लोगों ने धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। धरना प्रदर्शन से नाराज सांसद ने इनके खिलाफ एफ आई आर दर्ज कराने की सिविल लाइंस थाने में मांग की जिसमें पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। सिविल लाइंस पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार सुबह 11 बजे के करीब की है। डेढ दर्जन से ज्यादा लोग सांसद रीता जोशी के मिंटो रोड स्थित आवास के बाहर पहुंच गए। उनके हाथों में नारे लिखी हुई तख्तियां थीं। इन्होंने आवास के बाहर ही धरना प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। वह नैनी में बंद पड़ी औद्योगिक इकाइयों को पुन: खोलने समेत कई अन्य मांगें कर रहे थे। सूचना पर पुलिस पहुंच गई।
बहुत समझाने के बाद प्रदर्शन कर रहे लोग वहां से जाने को तैयार हुए। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में एक ने अपना नाम सत्येंद्र दुबे सत्या व खुद को राष्टी्य हिंदू संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताया। साथ मेँ 15-20 अज्ञात लोग थे। पुलिस का आरोप है कि सभी ने कोविड 19 के संबंध में शासन की ओर से जारी निर्देशों के साथ ही धारा 144 का भी उल्लंघन किया। जिस पर एक नामजद व 20 अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है।



