Latest

कुशीनगर में दर्दनाक हादसा, ट्रेन और स्कूल वैन की टक्कर में 13 बच्चों की मौत

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में गुरुवार को हुए दर्दनाक हादसे में 13 स्कूली बच्चों की मौत हो गई. इस हादसे में दर्जनों छात्र घायल हैं. स्कूल वैन और ट्रेन की टक्कर के बाद यह हादसा हुआ.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह डिवाइन पब्लिक स्कूल की वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी. तभी विशुनपुरा थाने के दुदही रेलवे क्रासिंग के पास थावे-बढनी पैसेन्जर से उसकी टक्कर हो गई. फिलहाल, मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है.

स्थानीय लोगों के साथ विशुनपुरा थाने की पुलिस बचाव कार्य में जुटी हुई है. अभी तक मौके पर रेलवे के अधिकारी नहीं पहुंचे हैं. घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया है. बताया जा रहा है कि वैन में करीब 25 बच्चे सवार थे. हादसे में रेलवे की लापरवाही भी सामने आ रही है. दुदही क्रासिंग पर कोई भी गेटमैन तैनात नहीं था.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दर्दनाक हादसे पर शोक प्रकट किया है. मुख्यमंत्री ने गोरखपुर कमीशनर को हादसे की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं. सीएम योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने का भी निर्देश दिया है.

फिलहाल, हादसे की सूचना पर बच्चों के अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए हैं. घटनास्थल पर कोहराम मचा हुआ है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button