स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल से गायब काेरोना संक्रमित मरीज की लाश मिली

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल से गायब काेरोना संक्रमित मरीज की लाश रविवार शाम अस्पताल से कुछ दूर महात्मा गांधी मार्ग पर मिली। जिस जगह उसका शव मिला, वहीं पर एसपी विजिलेंस का आवास है। इससे पुलिस अधिकारियों में खलबली मच गई है। मरीज की तलाश में पिछले 24 घंटे से शहर भर की पुलिस खाक छान रही थी, मगर हुआ वही, जिसकी आशंका घर वाले जता रहे थे। पुलिस का दावा है कि एसपी विजिलेंस के आवास के बाहर नर्सरी और झाड़ी है। वहीं पर मरीज छिपा हुआ था। शाम को एक शख्स की नजर पड़ी तो इसकी जानकारी हुई।
24 जुलाई को रिटायर्ड गवर्नमेंट प्रेस कर्मी की रिपोर्ट आई थी पॉजिटिव
एसआरएन कोविड अस्पताल में एक के बाद एक लापरवाही सामने आ रही है। शुक्रवार को एक कोरोना संक्रमित मरीज ने सुसाइड कर लिया था तो वहीं दूसरे दिन शनिवार को एक कोरोना मरीज अस्पताल से निकलकर कहीं लापता हो गया। 60 वर्षीय यह मरीज गवर्नमेंट प्रेस से रिटायर्ड हैं। 23 जुलाई को यह कोरोना की चपेट में आया था। वह अस्पताल में व्यवस्थाओं से क्षुब्ध था। इटावा जनपद के रहने वाले यह मरीज शहर के राजापुर में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। दो दिन पहले जब उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई तो उन्हेंं एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हेंं ऑक्सीजन लगाया गया था। परिवार के लोगों से वह जब बात करते तो अस्पताल की अव्यवस्थाओं के बारे में बताते। उनकी बेटी ने ऑडियो भी वायरल किया है। उनकी बेटी व पत्नी शनिवार को शाम करीब चार बजे एसआरएन अस्पताल में कुछ सामान लेकर उन्हेंं देने गई थीं।



