सिविल लाइंस में डॉक्टर को मारने की धमकी
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। स्ट्रेची रोड सिविल लाइंस के अंसल अपार्टमेंट में रहने वाले रिटायर चिकित्साधिकारी डॉ. अजीत कुमार रस्तोगी को जान से मारने की धमकी मिली है। डॉ. रस्तोगी ने सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। उनका कहना है कि रात में वह अपनी कार से सिविल लाइंस में पत्थर गिरजाघर के आगे बढ़े तो एक शख्स ने हाथ देकर कार रुकवा ली। उस वक्त बारिश हो रही थी। कार का शीशा खोलने पर उस शख्स ने कहा कि समर रस्तोगी के खिलाफ पैरवी मत करो नहीं तो तुम्हारा हाल डॉ. बंसल जैसा होगा। डॉक्टर का कहना है कि वह कार से उतरे तो वह शख्स पैदल निकल भागा। डॉक्टर ने तहरीर में पुलिस को बताया कि उनका एक परिवाद कौशाम्बी कोर्ट में चल रहा है। इस मामले में समर रस्तोगी अंतरिम जमानत पर है। अब उसमें सुनवाई होनी है। डॉक्टर का कहना है कि उनकी जान का खतरा है। सिविल लाइंस पुलिस ने डॉक्टर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि डॉक्टर से धमकी देने वाले के हुलिया के बारे में जानकारी ली गई है।



