एबीआईसी और एसजेसी ने जीते मैच

रौनक टंडन स्मृति अंडर-19 फुटबाल प्रतियोगिता
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। एबीआईसी ने अग्रसेन अकादमी को 4-0 और सेंट जोसेफ कॉलेज (एसजेसी) ने टीपीएस को 5-0 से हराकर टैगोर पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र रौनक टंडन स्मृति में आयोजित अंडर-19 फुटबाल प्रतियोगिता के अगले दौर में जगह बनाई। प्रतियोगिता गुरुवार से झूसी त्रिवेणीपुरम मैदान पर शुरू हुई।
पहले मैच में एबीआईसी की टीम मध्यांतर तक 3-0 से आगे रही। विकल्प झा, मनीष यादव और सैफ अली खान ने गोल किये। दूसरे हाफ में मनीष यादव ने एक और गोल करके एबीआईसी को 4-0 से जीत दिला दी।
दूसरे मैच में पहला हाफ गोलरहित रहा। दूसरे हाफ में एसजेसी के अखंड प्रताप सिंह ने तीन तथा प्रवीण सोनी एवं दिव्यांश ने एक-एक गोल किया। मैच में रफ खेल के लिए टीपीएस के शुभम दुबे को रेफरी ने पीला कार्ड दिखाया। मैच में जितेंद्र कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि टीपीएस के क्रीड़ाध्यक्ष केके मिश्र ने किया। आयोजन सचिव ऐश्वर्य टंडन ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक डॉ. अजय शंकर पांडये, वरुण यादव, संतोष यादव, सुधांशु, अनूप, अफजल आदि मौजूद रहे।

