Latestइलाहाबाद समाचारदेशप्रदेश

ED Raid In Prayagraj: बिल्डर संजीव अग्रवाल सहित अतीक के दर्जनभर करीबियों के घर ईडी का छापा

ED Raid In Prayagraj: बिल्डर संजीव अग्रवाल सहित अतीक के दर्जनभर करीबियों के घर ईडी का छापा मनी लांड्रिंग से जुड़े मामले में सुबह 7:00 बजे शुरू हुई छापे की कार्रवाई

ED Raid In Prayagraj: बिल्डर संजीव अग्रवाल सहित अतीक के दर्जनभर करीबियों के घर ईडी का छापा  उमेश पाल के अपहरण मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे माफिया अतीक अहमद के लगभग दर्जनभर करीबियों के घर बुधवार को ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने छापा मारा। सुबह 7:00 बजे से शुरू हुई छापे की कार्रवाई समाचार लिखे जाने देर तक जारी रही।

जिन लोगों के घर छापे पड़े हैं उनमें शहर के नामचीन बिल्डर पीवीआर सिनेमा के मालिक संजीव अग्रवाल, पूर्व विधायक आसिफ जाफरी, अमितदीप मोटर्स के मालिक दीपक भार्गव, अतीक के रिश्तेदार खालिद जफर, अतीक के वकील रहे वकील खान शौलत हनीफ, अकाउंटेंट सीताराम शुक्ला और गुलफुल प्रधान का नाम शामिल है।

सूत्रों के मुताबिक छापे की कार्रवाई मनीलांड्रिंग से जुड़े मामले में की गई है। गौरतलब है कि अतीक अहमद को पेशी के लिए गुजरात के साबरमती जेल से बुधवार को ही प्रयागराज लाया गया है। बुधवार की सुबह जिस समय अतीक उत्तर प्रदेश की सीमा में एंट्री कर रहा था लगभग उसी समय ईडी के लोग उसके करीबियों के घर में एंट्री कर रहे थे।

बिल्डर संजीव अग्रवाल के एलगिन रोड सिविल लाइंस स्थित आवास पर ईडी की टीम पहुंची तो हड़कंप मच गया। सीआरपीएफ के साथ ज्वाइंट डायरेक्टर जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पहुंचे ईडी के अधिकारियों ने घर में एंट्री लेने के बाद घर में आने-जाने के सभी रास्ते बंद करा दिए और घर के भीतर मौजूद लोगों के मोबाइल अपने कब्जे में ले लिए।

संजीव के जिस आवास पर ईडी की छापेमारी हुई है उसकी कीमत सौ करोड़ से अधिक आँकी गई है। सूत्रों से मिली जानकारी को सच माना जाय तो संजीव के घर से ईडी को एक करोड़ रुपये नकद, करोड़ों कीमत के हीरे-सोने के जेवरात, पैसा गिनने की मशीन, लग्जरी कारें और जमीन व मकान से जुड़ी कई सेल डीड बरामद हुई है। ईडी ने अमितदीप मोटर्स के मालिक दीपक भार्गव के घर और नेक्सा कार के शोरूम पर भी छापा मारा। शोरूम पर पहुंची ईडी टीम ने वहां मौजूद कर्मचारियों को शोरूम से बाहर निकालकर अपनी कार्रवाई की।

ईडी की टीम ने कसारी मसारी में रहने वाले अतीक के रिश्तेदार और उसके प्रॉपर्टी का काम देखने वाले खालिद जफर के तीन मंजिला घर में भी छापेमारी की। वहां तीन गाड़ियों में ईडी के 18 अधिकारी पहुंचे। ईडी के अधिकारी अतीक अहमद के वकील रहे खान शौलत हनीफ के कबीर मंदिर चौराहा राजरूपपुर स्थित घर में भी छापेमारी की।

हनीफ इस वक्त नैनी सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। उमेश पाल के अपहरण मामले में अतीक अहमद के साथ उसे भी सजा सुनाई गई है। अतीक अहमद के अकाउंटेंट सीताराम शुक्ला के लूकरगंज और उसके करीबी गुलफुल प्रधान के बजहा स्थित घर में भी छापेमारी की गयी। छापे में ईडी के अफसरों को क्या मिला है, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।

Related Articles

Back to top button