900 करोड़ की संपत्ति के कागजात जब्त,कई बड़े कारोबारियों से हुई पूछताछ
Raid: ज्यादातर संपत्तियों में कर चोरी के साक्ष्य मिले

Raid: ज्यादातर संपत्तियों में कर चोरी के साक्ष्य मिले कानपुर के 17 ठिकानों समेत देश के 55 स्थानों पर आयकर विभाग की छापेमारी 5वें दिन भी जारी है। बुलियन कारोबारी के घर और गोदाम में मिले दस्तावेज के बाद साथी कारोबारियों को भी पूछताछ के लिए सिविल लाइंस स्थित मकान में पूछताछ के लिए तलब किया गया है। कई बड़े कारोबारी पूछताछ के लिए पहुंचे, लेकिन कुछ पहुंचे ही नहीं। सूत्रों के मुताबिक 24 घंटे का समय दिया गया है, न आने पर जांच का दायरा बढ़ाया जा सकता है। आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक, राधा मोहन पुरुषोत्तम दास ज्वेलर्स के सिविल लाइंस के मकान से करीब 900 करोड़ रुपए की संपत्ति के कागजात जब्त किए गए हैं। आयकर विभाग अब इन संपत्तियों के खरीद के मामले में जांच शुरू कर चुकी है। ज्यादातर संपत्तियों में कर चोरी की बात सामने आई है।
नोट गिनने के लिए मशीन मंगाई
सोमवार को नोटों की बरामदगी पूरी हो चुकी है। आयकर विभाग ने नोटों की गिनती के लिए 2 मशीनें मंगाई हैं। नोटों की गिनती अभी की जा रही है। करीब 9 करोड़ कैश मिलने की संभावना है। अभी तक आयकर विभाग को 1200 करोड़ रुपए के फर्जी बिल भी मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक, नौकरों के नाम पर भी बड़े पैमाने पर सोने की खरीद फरोख्त की जा रही थी। वहीं, गोल्ड कारोबारी की बीएमडब्लू कार से 12 किलो सोना भी बरामद किया गया। अभी तक कुल 70 किलो सोना और चांदी बरामद किया गया है। करीब 8 करोड़ रुपए से ज्यादा कैश टीमों ने बरामद किया है।
इन स्थानों पर छापेमारी पूरी
90 घंटे से जारी छापेमारी के बाद 17 में 12 जगह सर्च अभियान पूरा कर लिया गया है। सोना कारोबारी सौरभ बाजपेई के बागला बिल्डिंग स्थित प्रतिष्ठान में छापेमारी पूरी कर ली गई है। इसी इमारत में चल रही सुरेंद्र जाखोदिया के यहां चल रही छापेमारी देर रात पूरी कर ली गई।
वहीं, राधा मोहन ज्वेलर्स के चौक सराफा स्थित शोरूम में देर रात सर्च ऑपरेशन पूरा कर लिया गया। आयकर अफसरों के अनुसार बचे हुए पांच ठिकानों में भी सोमवार तक ऑपरेशन पूरा कर लिया गया।
सौरभ के ठिकानों पर भी मिला कैश
सौरभ के ठिकानों से भी विभाग को बड़ी मात्रा में कैश व रियल इस्टेट से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि सूत्रों के अनुसार, उसी बिल्डिंग से कारोबार करने वाले चांदी के बुलियन कारोबारी सुरेंद्र जाखोदिया के प्रतिष्ठान पर अफसरों की टीम देर शाम तक डटी रही। इसके अलावा ज्वैलर व बिल्डर के ठिकानों में भी टीमें अलर्ट रहीं। बताया गया कि टीमें यहां से भी जल्द निकल सकती है।




