कुंभ तैयारियों के नाम पर हरे भरे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई, सन्तों ने जताई नाराजगी
इलाहाबाद । कुंभ के मद्देनजर इलाहाबाद में सड़क चौड़ीकरण का काम जोरों पर चल रहा है। इससे पेड़ों की कटाई जोरों पर चल रही है। आंकड़ों पर गौर करें तो अब तक एक लाख सात हजार पड़ों की कटाई हो चुकी है।
इसको लेकर जूना अखाड़ा के मौज गिरि मंदिर में सोमवार को महंतों की बैठक हुई। अखाड़ा के मुख्य संरक्षक एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत हरि गिरि ने सड़क चौड़ीकरण में पेड़ों के कटने पर नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से पेड़ न काटने की अपील की है। कहा कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान जो पेड़ बीच में आ रहे हैं उन्हें मशीन मंगाकर जड़ सहित उठाकर दूसरी जगह लगाया जाए। कहा कि पेड़ कटने से पर्यावरण को खतरा पैदा होगा।
यह हिन्दुओ की आस्था का केंद्र भी हैं। पेड़ों में जीव होता है। सनातन धर्म में जीव हत्या महापाप है। कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर पेड़ों को बचाने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि अभी तक जितने पेड़ कटे हैं उसकी भरपाई करने के लिए एक पेड़ के पीछे 20 पौधों का रोपण किया जाए।
प्रशासन के इस काम में अखाड़ा परिषद व जूना अखाड़ा पूरी मदद करेगा। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि ने कहा कि प्रशासन कुंभ की भव्यता के लिए तय समय सीमा पर काम पूरा करे। उन्होंने पेड़ों को संरक्षित करने की मांग की। महंत प्रेम गिरि ने कहा कि कुंभ कार्य गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। श्रीमहंत नारायण गिरि ने कहा कि पेड़ हमारी संस्कृति का आधार हैं जिन्हें काटने के बजाय बचाना होगा। उन्होंने गंगा की निर्मलता को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की। कहा कि गंगा निर्भल होंगी तभी कुंभ का वैभव बढ़ेगा



