यूपी बोर्ड: प्रायोगिक परीक्षा देने का मिला एक और मौका

प्रयागराज। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल वो परीक्षार्थी किन्हीं कारणों से प्रायोगिक परीक्षा नहीं दे सके थे, उन्हें एक और मौका दिया जा रहा है। ऐसे परीक्षार्थी आगामी 9 व 10 जून को आयोजित प्रायोगिक परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
माशिप सचिव नीना श्रीवास्तव ने बताया कि ऐसे परीक्षार्थियों को 9 व 10 जून को जिला मुख्यालय पर राजकीय व अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में होने वाली प्रायोगिक परीक्षा में शामिल होने का अंतिम अवसर दिया जाएगा।
ऐसे सभी परीक्षार्थी अपने-अपने जिला विद्यालय निरीक्षक से सम्पर्क कर मुख्यालय स्तर पर निर्धारित केन्द्र पर उपस्थित होकर परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
दरअसल कुछ परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षा छूट गई थी तो कुछ अन्य हाईकोर्ट के आदेश पर लिखित परीक्षा में तो शामिल हो गये थे लेकिन वो पहले सम्पन्न हो चुकी प्रायोगिक परीक्षा नहीं दे सके थे।

