मेला पुलिस ने चलाया ‘ऑपरेशन स्वीप’ अभियान

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )।शुक्रवार को माघ मेला पुलिस अधीक्षक डॉ0 राजीव नारायण मिश्र के दिशानिर्देश पर माघ मेला को सकुशल, निर्विघ्न सम्पन्न कराये जाने व आगामी स्नान पर्व और मेला क्षेत्र में लगातार बढ़ रही भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए 13.30 बजे से 16.30 बजे तक ‘ऑपरेशन स्वीप’ अभियान चलाया गया। ‘ऑपरेशन स्वीप’ के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, लावारिस वस्तुओं, विस्फोटक सामाग्री, पार्किंग स्थलों, वाहनों, अतिक्रमण, खाली पड़े टेंटों, पाण्टून पुलों आदि की चेकिंग की गई। माघ मेला पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि मेला क्षेत्र में भीड़ को देखते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क दृष्टि बनाये रखेंगे। विशेषकर थाना प्रभारी प्राचीन गंगा, खाक चौक, झूँसी, कल्पवासी, प्रयागवाल को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने क्षेत्रों में कल्पवास कर रहे कल्पवासियों का विशेष ध्यान रखें। चोरी आदि की कोई घटना न होने पाए। कोविड-19 के संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में कोविड-19 गाइडलाइन्स’ के अनुपालन अभियान चलाया गया मास्क न धारण करने वाले व्यक्तियों की चेकिंग की गई तथा उत्तर प्रदेश कोविड-19 की धारा-15(3) के तहत 122 लोगों के विरुद्ध चालान की कार्यवाही की गई तथा मौके पर समन शुल्क वसूला गया।




