घर के बाहर टहल रहे किसान की गोली मारकर की गई हत्या

( अनुराग शुक्ला/अभिषेक मिश्रा )
लालापुर,प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जनपद के यमुनापार क्षेत्र के लालापुर थानांतर्गत डेराबारी गांव निवासी पुष्कर नाथ द्विवेदी (47) पुत्र वाचस्पति द्विवेदी गांव मे खेती किसानी करते थे। इनकी पत्नी ईशा कुमारी (40), इनका बड़ा बेटा जीतेंद्र द्विवेदी (25) बांदा जिले में पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। छोटा बेटा प्रकाश द्विवेदी (23) व बेटी पूजा (19) अभी पढ़ाई कर रहे हैं। पूजा की अभी शादी नहीं हुई है।
क्राइम पर काम करने वाले थाना प्रभारी फेल, अपराधी दे रहे पुलिस को खुलेआम चुनौती
पहाड़ मे बालू की खुदाई को लेकर बीते 4 दिनों से चल रहा था विवाद, लगभग 6 साल पहले भी पहाड़ के ही विवाद मे इन्हीं के परिवार के एक व्यक्ति को उतारा गया था मौत के घाट
शनिवार की रात पुष्कर नाथ द्विवेदी खाना खाकर अपने घर के बाहर टहल रहे थे तभी लगभग 10:15 बजे इन्हीं के सगे पट्टीदार ने गोली मारकर पुष्कर नाथ की हत्या कर दी। मिली जानकारी के अनुसार बीते 3-4 दिनों से दोनों पक्षो मे पहाड़ मे बालू की खुदाई को लेकर विवाद चला आ रहा था। घरवालों ने बताया कि शनिवार को भी घटना के लगभग 3 घंटे पहले झगड़ा हुआ था और देर रात खाना खाने के बाद पुष्कर नाथ द्विवेदी अपने घर के बाहर टहल रहे थे तभी इनके सगे पट्टीदार राजकिशोर द्विवेदी पुत्र राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने अपने पिता की लाइसेंसी दो नाली बंदूक से पुष्कर नाथ को गोली मार दी, गोली उनके सीने में लगी और वह वहीं चीखते हुए गिर गए। फायरिंग और चीख सुनकर परिजन बाहर आए तो पुष्कर नाथ खून से लथपथ गिरे मिले। गोली सीने मे लगने के कारण पुष्कर नाथ की मौके पर ही मौत हो गई। आनन – फानन मे घटना की सूचना पुलिस को दी गई। लालापुर, बारा, कौँधियारा और शंकरगढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुँची। घर वालों ने शव देने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि पहले हत्यारो की गिरफ़्तारी हो उसके बाद ही लाश देंगे।
एसपी यमुनापार सौरभ ने भी किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित व क्षेत्राधिकारी बारा अवधेश शुक्ला मौके पर पहुंचकर हर एंगल से जाँच पड़ताल किये। एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, आरोपियों की गिरफ़्तारी के लिए कई टीमे भी गठित की गई हैँ जल्द ही आरोपियों को गिरफ़्तार कर सलाखों के पीछे पहुँचाया जायेगा। रविवार की सुबह भी परिजनों का हंगामा जारी रहा। कड़ी मशक्कत के बाद परिजनों को समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
लगभग 6 साल पहले भी पहाड़ के ही विवाद मे एक को उतारा गया था मौत के घाट
पहाड़ मे बालू की खुदाई को लेकर यह कोई पहला विवाद नहीं है, आज से लगभग 6 साल पहले भी डेराबारी गांव पहाड़ मे बालू की खुदाई को ही लेकर दो पक्षो मे विवाद हुआ था, जिसमे पुष्कर नाथ द्विवेदी के ही परिवार के अवध नरेश द्विवेदी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया था।
लालापुर की ही एक किशोरी की गला दबाकर हुई है हत्या
लालापुर थाना क्षेत्र के डेराबारी गांव में जहां पुष्करनाथ द्विवेदी की हत्या हुई है। वहीं से दो-तीन किमी. की दूरी पर स्थित सेमरी गांव की एक 12 साल की किशोरी की भी गला रेत कर हत्या की गई है। उसकी लाश 30 जुलाई को नहर में बहते हुए बारा थाना क्षेत्र के भोड़ी गांव के पास मिली थी। लाश कई दिन पुरानी होने की वजह से फूल गई थी।
पोस्टमार्टम रिर्पोट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि भी हुई है। किशोरी घर से एक हफ्ते 27 जुलाई 2021 से गायब थी। घरवालों ने गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी, मगर पुलिस ने उसे गंभीरता से नहीं लिया था। लालापुर पुलिस अभी उस घटना का खुलासा नहीं कर पाई थी कि हत्या की दूसरी वारदात हो गई।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से यमुनापार की जनता अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही है लगातार हत्याएं कानून व्यवस्था को कटघरे में खड़ी कर रही हैँ।




