भाजवा विधायक के बाद कांग्रेस नेता पर जुर्माना

प्रयागराज। सार्वजनिक स्थल पर मास्क नहीं पहनने वाले राजनीतिक हस्तियों को भी जुर्माना भरना पड़ रहा है। पहले भाजपा विधायक और अब कांग्रेस नेता समेत पांच लोगों को मास्क न पहनने पर 100-100 रुपये जुर्माना भरना पड़ा। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर देखकर की गई है। रविवार को कांग्रेस नेता हसीब अहमद और नई बस्ती के कल्याण निषाद, दारागंज की अल्पना निषाद, कोतवाली की मुमताज अंसारी और शिवकुटी की मीरा देवी से मास्क न पहनने पर 100-100 रुपये जुर्माना लगाया गया। पुलिस की मानें तो हसीब अहमद ने पूरा जुर्माना भरा।
गौरतलब है कि इससे पूर्व शनिवार को पुलिस ने भाजपा विधायक हर्षवर्धन बाजपेई समेत तीन से 100-100 रुपये जुर्माना वसूला था। नगर निगम कैंपस से भाजपा नेताओं और कांग्रेस नेताओं की अलग-अलग तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं, जिसे देखकर लोगों ने प्रयागराज पुलिस के ट्विटर हैंडल पर शिकायत की थी। इसके बाद एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के निर्देश पर एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव ने जांच कर सभी के खिलाफ कार्रवाई कराई।



