यात्रियों ने लूट लिये भोजन के पैकेट
प्रयागराज। कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के खौफ के बीच खाली जेब व खाली घर लौट रहे कामगारों का धैर्य जवाब दे गया। सोमवार को महाराष्ट्र के पालघाट से बिहार शरीफ जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन जैसे ही छिवकी स्टेशन पहुंची यात्री भोजन का पैकेट बांट रहे रेलकर्मियों पर टूट पड़े।
साथ ही एक स्टॉल में तोडफ़ोड़ कर खाने पीने का सारा सामान लूट लिया। भीड़ ज्यादा होने के कारण आरपीएफ व जीआरपी के जवानों को अपने कदम पीछे खींचने पड़े। लगभग साढ़े छह हजार यात्रियों को बांटने के लिए रखे गए भोजन के पैकेट के लूट की सूचना पर प्रयागराज मंडल के डीआरएम अमिताभ भी वहां पहुंच गये।
हालांकि उनके पहुंचने से पहले ट्रेन रवाना हो चुकी थी। डीआरएम ने दो घंटे तक रुककर श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में खाद्य सामग्री के पैकेट बंटवाये। इस दौरान सीनियर डीसीएम नवीन दीक्षित, आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट मनोज सिंह, एसडीएम करछना आकांक्षा राणा, सीओ आशुतोष तिवारी आदि मौजूद रहे।






