बड़ी ख़बर: टूटा पुराना रिकार्ड 23 नये कोरोना पॉजिटिव, 9 संक्रमित की स्वस्थ होकर घर वापसी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । कोरोना पॉजिटिव मामलों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के रिकार्ड 23 नए मामले सामने आए। संक्रमितों में एसआरएन के कोविड अस्पताल एल-3 के सर्जरी विभाग का एक जूनियर डॉक्टर व अस्पताल का एक वार्ड ब्वाय शामिल है। वहीं विभाग की संक्रमित नर्स की 16 साल की बेटी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। राहत की बात यह है कि इलाज के लिए भर्ती कोरोना संक्रमित मरीज तेजी से स्वस्थ्य भी हो रहे हैं। कोटवा के एल-1 अस्पताल से शुक्रवार को नौ मरीज स्वस्थ्य होकर घर लौट गए।
उधर, जीआरपी के तीन जवान और एक डिलेवरी ब्वॉय भी संक्रमित मिले हैं। वहीं धामापुर बलकरनपुर सोरांव की 17 साल की किशोरी की जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बंगलुरू से लौटे राजरूपपुर निवासी एक युवक की रिपोर्ट पाजिटिव आ गई। मांडा रोड का रहने वाले 25 वर्षीय युवक की जांच हुई थी। शहर के बच्चा जी का धर्मशाला निवासी है, यह एक पाजिटिव मरीज के संपर्क में थे। रानीमंडी के कोलहन टोला में करीब दस दिन पहले संक्रमित मिली गर्भवती महिला के परिवार में चार और लोग पॉजिटिव आए हैं। इसी क्रम में राजरूपपुर, जार्जटाउन, पड़ान सोरांव से भी कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसके अलावा सोरांव के बलकरनपुर की किशोरी, राजरूपपुर के बुजुर्ग एवं उनकी पत्नी, मांडा रोड के नहवाई निवासी युवक की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है।
844 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव
प्रयागराज। शुक्रवार को कोरोना के संभावित 844 सैंपलों की जांच रिपोर्ट मेडिकल कॉलेज से निगेटिव आई है। जबकि 312 संदिग्ध लोगों की सैंपलिंग कराई गई। कोविड -19 के नोडल डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि अब तक जनपद में कुल 252 मरीज कोरोना की चपेट में आ चुके हैं जिसमें 169 मरीज पूरी तरह से स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। वर्तमान में 75 एक्टिव केस हैं। उन्होंने बताया है जनपद के दो मरीज लखनऊ के अलग अलग अस्पतालों में भर्ती किए गए हैं जो कोरोना की चपेट में हैं।




