लखनऊ की तर्ज पर बनेगा प्रयागराज का बस टर्मिनल
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । प्रयागराज बस टर्मिनल भी लखनऊ की तर्ज पर बनाया जाएगा। मंडलायुक्त आर रमेश कुमार की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी बैठक हुई। मंडलायुक्त ने कहा कि स्मार्ट सिटी तहत होने वाले सभी कार्यों से संबंधित टेंडर की प्रक्रिया तभी सम्पन्न कराएं जब टेंडर के पहले के सभी पहलू हल हो जाएं।
इससे किसी प्रकार की कानूनी बाधाएं सामने नहीं आएंगी। स्मार्ट सिटी के तहत बनने वाले बस टर्मिनल के संबंध में उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर से कहा कि इससे जुड़ी सभी औपचारिकताएं पीडीए एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकर पूरी कर लें।
मंडलायुक्त ने यूपीएसआरटीसी और सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के अधिकारियों संग बैठक कर संभावित बाधाओं को मिलकर दूर करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी ने कहा कि शहर में बनने वाले बस टर्मिनल की रूपरेखा तैयार करने से पहले लखनऊ में बने बस टर्मिनल का अवलोकन अवश्य कर लिया जाये।
उन्होंने कहा कि लखनऊ में बना बस टर्मिनल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और वहां पर कामर्शियल सुविधायें भी उपलब्ध है। अत: उसी तर्ज पर प्रयागराज बस टर्मिनल का भी विकास करना है। बैठक में नगर आयुक्त रवि रंजन सहित सम्बंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।


