रेलवे अस्पताल में एल-1 श्रेणी के मरीजों का होगा इलाज

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार) । अब कोरोना पीड़ितों का इलाज रेलवे अस्पताल में होगा। जरूरत पड़ी तो मंगलवार से प्रयागराज जंक्शन परिसर स्थित मंडल अस्पताल में मरीजों को भेजा जाएगा। अस्पताल में कोरोना पीड़ितों का इलाज करने की तैयारी हो गई है।
जिले में कोरोना का प्रकोप बढ़ रहा है। तेजी से बढ़ती कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने रेलवे अस्पताल इलाज के लिए मांगा है।
स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी (कोरोना) डॉ ऋषि सहाय ने रेलवे प्रशासन से बात की थी। रेलवे प्रशासन ने अस्पताल में इलाज के लिए स्वीकृति दे दी है।
अस्पताल में एल-वन के मरीज रखे जाएंगे। अभी एल-वन के मरीजों का कोटवा में इलाज हो रहा है। उमरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों का रेलवे और प्रदेश स्वास्थ्य विभाग मिलकर इलाज करेगा। बाकी देखरेख में अस्पताल के कर्मचारी सहयोग करेंगे।
आइसोलेशन कोच भी तैयार
प्रयागराज। कोरोना मरीजों के इलाज के लिए प्रयागराज जंक्शन पर 16 आइसोलेशन कोच भी तैयार किए गए हैं। इसमें मरीजों के लिए ऑक्सीजन, डॉक्टर व पैरा मेडिकल स्टाफ के बैठने की सुविधा के अलावा खास तरीके के बाथरूम बनाए गए हैं।
आइसोलेशन कोच में इलाज के लिए प्रयागराज जंक्शन का छह नंबर प्लेटफॉर्म आरक्षित किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर ये कोच यहां खड़े कर दिए जाएंगे।



