चलती ट्रेन में लाड़ली का जन्म, देवरिया के समीप बाघ एक्सप्रेस में घटना

देवरिया। बड़ा से काठगोदाम जा रही बाघ एक्सप्रेस में पति के साथ यात्रा कर रही एक महिला को गुरुवार की शाम देवरिया जिले में भटनी रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ते ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गया। प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला को रेल यात्रियों ने देवरिया रेलवे स्टेशन पर नीचे उतारा, इसी बीच महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। आरपीएफ ने जच्चा-बच्चा दोनों को एंबुलेंस के जरिये जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
पीलीभीत जनपद के पुरनपुर निवासी संजय कुमार की ससुराल बिहार के हाजीपुर में दस दिन पूर्व पूजा था। जिसमें हिस्सा लेने के लिए अपनी गर्भवती पत्नी बेबी को लेकर गया था। पूजा संपन्न होने के बाद बेबी को लेकर संजय कुमार बाघ एक्सप्रेस से अपने घर के लिए चल दिया।भटनी रेलवे स्टेशन से जब ट्रेन खुली तो अचानक बेबी को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद संजय परेशान उठा और उसकी परेशानी को भांप यात्रा कर रही महिलाओं ने बेबी का सहयोग करना शुरू कर दिया।
जब ट्रेन देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो महिला यात्रियों ने उसे उतारना शुरू कर दिया। यह देख आरपीएफ के जवान दौड़े और बेबी की स्थिति देख वहां महिला यात्रियों को बुलाकर प्लेटफार्म पर ही प्रसव कराया। इस बाबत आरपीएफ उप निरीक्षक फरहान ने बताया कि प्रसव पीड़ा होने पर महिला को सदर रेलवे स्टेशन पर उतारा गया और महिला ने प्लेटफार्म पर ही बच्चे को जन्म दिया है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।संजय कुमार की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं है। वह रुद्रपुर में वाहन चलाने का कार्य करता है। उसको पहले से ही तीन साल का एक बेटा है। जागरण से उसने बताया कि ट्रेन में उसका बच्चा जन्म लिया है और ट्रेन का नाम भी कुछ खास है। इसलिए वह अपने बच्चे का नाम बाघ कुमार रखेगा।ट्रेन से उतरते ही बेबी की स्थिति एक कदम भी चलने की नहीं थी। यह देख जब आरपीएफ ने महिलाओं से सहयोग मांगा तो यात्रा करने के लिए जा रही महिलाओं ने मानवता का परिचय दिया और अपने बैग में रखी साड़ियों को निकालकार चारो तरफ से बेबी को घेर कर प्रसव करा दिया।




