प्रो. हांगलू को मिलेगी एनसीसी कर्नल की मानद उपाधि

स्वतंत्रता दिवस पर लखनऊ एनसीसी मुख्यालय में आयोजित होगा कार्यक्रम
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. आरएल हांगलू को सेना एनसीसी कर्नल की मानद उपाधि प्रदान करेगी। प्रो. हांगलू के साथ ही अलग-अलग विश्वविद्यालयों के सात शिक्षाविदों को यह मानद उपाधि 15 अगस्त को लखनऊ के एनसीसी मुख्यालय में दिया जाएगा। वैसे प्रो. हांगलू के इस्तीफे के बाद वित्तीय अनियमितता समेत कई आरोप लगे हैं। जिसकी जांच मंत्रालय की तीन सदस्यीय कमेटी कर रही है। एनसीसी मुख्यालय की ओर से शिक्षाविदों को भी कर्नल की मानद उपाधि दिए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए जिलों के एनसीसी कमांडेंट की तरफ से शिक्षाविदों के नामों का प्रस्ताव बनाकर सेना के एनसीसी मुख्यालय को भेजा जाता है।
इविवि ग्रुप के लिए पूर्व कुलपति प्रो. आरएल हांगलू और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विवि फैजाबाद के प्रो. मनोज दीक्षित के नाम का नाम शामिल है। वहीं, पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान मथुरा के प्रो. जीके सिंह और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रो. तारिक मंसूर, बीएचयू के प्रो. राकेश भटनागर, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के प्रो. नरेंद्र कुमार तनेजा, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रो. जयंत विनायक वैशम्पायन और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के प्रो. संजय सिंह को एनसीसी कर्नल की मानद उपाधि प्रदान की जाएगी। इन सभी शिक्षाविदों को 15 अगस्त को लखनऊ एनसीसी मुख्यालय में यह मानद उपाधि प्रदान की जाएगी।


