Latest

बिना संक्रमण के संपर्क में आए हो रहे कोरोना पॉजिटिव

एक दिन में सामने आए 213 नए मामले, पांच की मौत

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। बिना किसी कान्टेक्ट हिस्ट्री के कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों का मिलना स्वास्थ्य महमकमे के लिए चिंता का सबब बन रहा है। जिले में बुधवार को कोरोना के 213 नये मामले सामने आए। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे लोगों की है जिनकी कोई कान्टेक्ट हिस्ट्री नहीं है। कोरोना की जांच करने वाली शहर के एक प्राइवेट लैब के चार लोग कोरोना संक्रमित पाये गए। इनमें एक डॉक्टर एवं तीन लैब टेक्नीशियन शामिल हैं। साथ ही चार बंदियों के कोरोना संक्रमित मिलने से नैनी सेंट्रल जेल में हड़कंप है। कोविड 19 के नोडल डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि एसआरएन अस्पताल के दो डॉक्टर, स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम के तीन सदस्य, डफरिन अस्पताल की एक महिला स्वास्थ्यकर्मी और एसबीआई के शाखा मैनेजर भी पॉजिटिव पाये गए हैं।
लाख दावों के बाद भी न तो कोरोना के नए मरीजों की संख्या में कमी आ रही है और न ही इससे होने वाली मौतें। एसआरएन में भर्ती पांच संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। मरने वालों में जार्जटाउन, करेली, मुट्ठीगंज, खुल्दाबाद व प्रतापगढ़ के दो महिला व तीन पुरुष मरीज शामिल हैं। जिनकी मौत हुई वे जार्जटाउन, करेली, मुठ्ठीगंज, खुल्दाबाद व प्रतापगढ़ जनपद के निवासी थे। इसी बीच राहत की बात है कि बुधवार को कोविड अस्पतालों से 60 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। मौजूदा समय में 2105 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं जबकि कोरोना के 1772 एक्टिव केस हैं।

Related Articles

Back to top button